सार्जेट मेजर से एसपी परेशान

रांची: पांच जिलों के एसपी अपने सार्जेट मेजर से परेशान हैं. चतरा और बोकारो के एसपी ने अपने-अपने जिले के सार्जेट मेजर के तबादले की अनुशंसा पुलिस मुख्यालय से की है. गुमला के सार्जेट मेजर ने खुद का तबादला करने का अनुरोध पुलिस मुख्यालय से किया है. उनका कहना है कि उनकी नौकरी सिर्फ छह […]

रांची: पांच जिलों के एसपी अपने सार्जेट मेजर से परेशान हैं. चतरा और बोकारो के एसपी ने अपने-अपने जिले के सार्जेट मेजर के तबादले की अनुशंसा पुलिस मुख्यालय से की है. गुमला के सार्जेट मेजर ने खुद का तबादला करने का अनुरोध पुलिस मुख्यालय से किया है.

उनका कहना है कि उनकी नौकरी सिर्फ छह माह बची है, इसलिए उन्हें इच्छानुसार दूसरे जिला में पदस्थापित किया जाये. चाईबासा के एसपी को सार्जेट मेजर की जगह डीएसपी से काम करवाना पड़ रहा है, क्योंकि सार्जेट मेजर अपना कर्तव्य नहीं निभा रहे हैं. देवघर में विधायक संजय प्रसाद यादव से सार्जेट मेजर के हुए विवाद के बाद वहां के एसपी ने सार्जेट मेजर के खिलाफ रिपोर्ट दी. पलामू के सार्जेट मेजर का तबादला करने के लिए एक राजनेता ने पुलिस मुख्यालय को पत्र लिखा है. गोड्डा में भी एसपी और सार्जेट मेजर के बीच विवाद चल रहा है.

मेजर व सार्जेट का अलग-अलग गुट
चतरा के एसपी प्रशांत कर्ण ने पुलिस मुख्यालय को भेजे रिपोर्ट में कहा है कि जिले के सार्जेट मेजर पांडेय अजय कुमार और सार्जेट सुरेश ओझा के बीच विवाद है. दोनों ने अपने-अपने पक्ष में सिपाहियों का गुट बना लिया है. पुलिस लाइन में कभी भी अनहोनी हो सकती है. उल्लेखनीय है कि चतरा में पिछले साल पुलिस लाइन में मारपीट की घटना हुई थी. लोकसभा चुनाव के दौरान भी चतरा गये चाईबासा जिला बल के जवानों ने बस में तेल नहीं देने के सवाल पर हंगामा किया था.

बात नहीं सुनते सार्जेट मेजर :एसपी
बोकारो के एसपी जितेंद्र सिंह ने पुलिस मुख्यालय को भेजे रिपोर्ट में कहा है कि सार्जेट मेजर बबन सिंह उनकी बात नहीं सुनते. सीनियर अफसरों से ठीक से बात नहीं करते. एसपी ने बबन सिंह को सार्जेट मेजर के काम से मुक्त कर दिया है. साथ ही कार्रवाई के लिए सीनियर अफसरों से अनुरोध किया है. मतगणना के दौरान दोनों अफसरों के बीच विवाद हुआ था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >