रांची/जमशेदपुर: राज्य में बिजली-पानी की किल्लत व बढ़ते अपराध के खिलाफ भाजपा की ओर से बुधवार को कोल्हान प्रमंडल के विभिन्न जिला मुख्यालयों के समक्ष धरना-प्रदर्शन दिया गया.
सरायकेला में धरना को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष अजरुन मुंडा ने कहा सूबे में भ्रष्टाचार व महंगाई बेलगाम हो गयी है. प्रदेश में खनिज संपदा की लूट मची है.
अपराधी बेलगाम हो गये हैं. चाईबासा में आयोजित धरना को संबोधित करते हुए श्री मुंडा ने कहा कि राज्य में कोयला चोर व आयरन ओर के माफियाओं का राज चल रहा है.
घाटशिला अनुमंडल कार्यालय के समक्ष धरना को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि राज्य के ऊर्जा मंत्री का बेटा विद्युत विभाग चला रहा है. भाजपा इसे बरदाश्त नहीं करेगी. जमशेदपुर में पूर्व डिप्टी सीएम रघुवर दास ने कहा कि राज्य में बहुमत की सरकार नहीं होने के कारण विकास ठप है. मोदी सरकार की तर्ज पर राज्य में भी बहुमत की सरकार लानी है, तभी सुशासन स्थापित होगा.
