Weather Forecast: दिल्ली को कब मिलेगी प्रदूषण से राहत? जानें मौसम का हाल

Weather Forecast Today: देश की राजधानी दिल्ली में प्रदूषण के कारण हवा जहरीली बनी हुई है. स्काइमेट वेदर के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे अफगानिस्तान पर बना हुआ है. वहीं भारत में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर पश्चिमी राजस्थान पर बना हुआ है. इसे मौसम में बदलाव हो सकता है.

देश की राजधानी दिल्ली में प्रदूषण कम होने का नाम नहीं ले रहा है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में बनी हुई है. गुरुवार को आनंद विहार में AQI 432, आरके पुरम में 453, ITO में 441, पंजाबी बाग में 444 दर्ज किया गया. प्रदूषण से राजस्थान-हरियाणा भी बेहाल है. भिवाड़ी में AQI सुबह 459 दर्ज किया गया.

स्काइमेट वेदर के अनुसार, पश्चिमी हिमालय पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है जबकि पूर्वोत्तर भारत में हल्की बारिश हो सकती है. अगले 2 से 3 दिनों तक दिल्ली और एनसीआर के वायु गुणवत्ता सूचकांक में कोई महत्वपूर्ण सुधार की उम्मीद नहीं है.

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण के मद्देनजर सभी स्कूलों की दिसंबर में होने वाली शीतकालीन छुट्टियों में फेरबदल किया गया है और ये अब नौ नवंबर से 18 नवंबर तक होंगी. बुधवार को दिल्ली शिक्षा निदेशालय की ओर से यह जानकारी दी गई. परिपत्र में कहा गया कि शीतकालीन अवकाश की लंबित अवधि के लिए तय समय में आदेश जारी किया जाएगा. आपको बता दें कि इससे पहले खराब वायु गुणवत्ता के कारण तीन नवंबर से 10 नवंबर तक छुट्टियों की घोषणा की गई थी.

दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बुधवार को फिर से गंभीर श्रेणी में पहुंच गई. पड़ोसी राज्यों में धान की कटाई के बाद पराली जलाने से निकलने वाले धुएं का दिल्ली में वायु प्रदूषण में एक तिहाई योगदान रहता है.

इस बीच दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा है कि दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए इस महीने ‘क्लाउड सीडिंग’ के जरिए कृत्रिम बारिश कराने का प्लान तैयार कर रही है. राय ने आईआईटी-कानपुर के वैज्ञानिकों के साथ एक बैठक की, जिन्होंने बताया कि ‘क्लाउड सीडिंग’ की कोशिश तभी की जा सकती है जब वातावरण में नमी या बादल हों.

विशेषज्ञों का अनुमान है कि 20-21 नवंबर के आसपास वातावरण में नमी या बादल जैसे हालात बन सकते हैं. इसके बाद दिल्ली को प्रदूषण से कुछ राहत मिल सकती है.

Also Read: Weather Forecast: इन राज्यों में होगी बारिश, जानें अपने इलाके के मौसम का हाल

दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति के विश्लेषण पर नजर डालें तो, राष्ट्रीय राजधानी में एक से 15 नवंबर तक प्रदूषण चरम पर होता है और इसी समय पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने के मामले बढ़ते हैं. उल्लेखनीय है कि दुनिया के राजधानी शहरों में दिल्ली की वायु गुणवत्ता सबसे खराब है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >