दिल्ली में बारिश से बदला मौसम का मिजाज, झारखंड-बिहार समेत पूरे उत्तर भारत में बढ़ सकती है ठंड

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हुई बारिश और बर्फबारी का असर शनिवार को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में देखने को मिल रही है. राजधानी दिल्ली में शनिवार की सुबह ठंडी हवा चली, तो शाम को झमाझम बारिश भी हो गयी. मौसम विभाग ने आशंका जाहिर की है कि जममू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हुई बारिश और बर्फबारी का असर आने वाले एक-दो दिनों में बिहार-झारखंड समेत पूरे उत्तर भारत में देखने को मिल सकता है. इससे ठंड में वृद्धि भी होने की आशंका है. वहीं, मौसम विभाग ने मार्च महीने से ही गर्मी बढ़ने के साथ लू चलने का भी अनुमान जताया है.

नयी दिल्ली : शनिवार की शाम दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हुई अचानक बारिश के बाद मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. मौसम के बदले मिजाज से बिहार-झारखंड समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड बढ़ने की आशंका है. उधर, दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हुई बारिश के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर आने वाले 14 विमानों का रूट बदल दिया गया है. इन विमाननों को लखनऊ, अमृतसर, अहमदाबाद और जयपुर एयरपोर्ट की तरफ मोड़ दिया गया है.

हालांकि, शनिवार की सुबह दिल्लीवासियों की शुरुआत ठंडी-ठंडी ताजगी भरी हवाओं के साथ हुई. न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से चार डिग्री अधिक 16.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा और नमी का स्तर 88 फीसदी दर्ज किया गया. मौसम वैज्ञानिकों ने आंशिक रूप से बादल छाये रहने, हल्की बारिश या गरज के साथ छींटों के साथ सतह पर तेज हवाएं चलने तथा कुछ स्थानों पर ओले पड़ने का अनुमान जताया था. रविवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में मौसम के तेवर फिर से तीखे हो गये. घाटी के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में ताजा बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश होती रही. इससे ठंड फिर बढ़ गयी. पर्यटनस्थल गुलमर्ग, सोनमर्ग, साधना टाप व अन्य उच्च पर्वतीय इलाकों में 2-6 इंच बर्फ की मोटी चादर बिछ गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >