छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के केराकछार गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर रील देखते समय नेटवर्क बंद होने से नाराज 52 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर जहर खाकर जान दे दी. पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पुलिस ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी.
परिवार में पति और तीन बच्चे
मंगलो बाई अपने पति, एक 22 वर्षीय बेटे और 17 वर्षीय बेटी के साथ रहती थीं. उनका एक बड़ा बेटा अपनी पत्नी के साथ कोरबा शहर में रहता है. घटना के दौरान बेटी ने ही अपनी मां को गंभीर हालत में देखा था.
गुस्सा शांत नहीं हुआ तो पी लीं जहर
पुलिस के अनुसार, मोबाइल क्षतिग्रस्त होने के बाद भी मंगलो बाई का गुस्सा शांत नहीं हुआ. उन्हें यह देखना पसंद था कि उनके रिश्तेदार सोशल मीडिया पर क्या पोस्ट कर रहे हैं, लेकिन नेटवर्क की समस्या ने उन्हें बहुत परेशान कर दिया. कुछ समय बाद उन्होंने घर में रखा जहर पी लिया. इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह दर्द से तड़पने लगीं.
17 साल की बेटी ने देखी मां की गंभीर हालत
घटना के समय घर में मौजूद 17 वर्षीय बेटी अपनी मां को दर्द से तड़पते देख घबरा गई. उसने तुरंत मदद के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया और परिवार के अन्य सदस्यों को सूचित किया. परिजन आनन-फानन में मंगलो बाई को करतला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे.
प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने महिला का उपचार किया. हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा रेफर कर दिया गया. यहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था.
इलाज के दौरान सोमवार को तोड़ा दम
अस्पताल में इलाज के बावजूद मंगलो बाई की हालत में सुधार नहीं हुआ. सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. जांच चल रही है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस बता रही है कि महिला की मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है. फिलहाल घटना को लेकर पुलिस परिजनों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
