नितिन नवीन के वीडियो को लेकर बीजेपी ने कहा कि कांग्रेस को जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है, इसलिए वह इस तरह की ओछी राजनीति पर उतर आई है. बीजेपी ने कांग्रेस की पोस्ट की निंदा करते हुए कहा कि विपक्षी दल को इस तरह की बयानबाजी के बजाय जनता के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए. यह घटना तब हुई जब कांग्रेस की छत्तीसगढ़ इकाई ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट किया. इस वीडियो में नवीन को आंध्र प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ लंच करते हुए दिखाया गया था, जिससे यह संकेत मिला कि वह सावन के पवित्र महीने के दौरान कथित तौर पर मांसाहारी भोजन कर रहे थे.
वीडियो के के साथ कांग्रेस ने लिखा, “संस्कारी पार्टी के अध्यक्ष सावन में...” छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर वीडियो फुटेज पोस्ट करते हुए कहा, “मुंह में सनातन, भाषा में संस्कार... बाकी बीजेपी का आचरण सामने है.”
वीडियो पूरी तरह से मनगढ़ंत : सुधांशु त्रिवेदी
वीडियो फुटेज को “पूरी तरह से मनगढ़ंत और गुमराह करने वाला” बताते हुए, बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस की आलोचना की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी “ओछी हरकतें” इसलिए कर रही है क्योंकि वह पूरी तरह से “निराशा और लगातार हार” का सामना कर रही है.
ये भी पढ़ें: नितिन नवीन की नई टीम में बिहार से 3 नेताओं को जगह, मंगल पांडेय का नाम गायब
त्रिवेदी ने कहा, “कांग्रेस तथ्यों पर आधारित सच्चाई का सामना करने में पूरी तरह नाकाम रही है. उसे जनता का समर्थन जुटाने में लगातार असफलता मिली है. अपनी हार से उपजी निराशा और हताशा के कारण, अब वह अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल का इस्तेमाल झूठी, गुमराह करने वाली और पूरी तरह मनगढ़ंत पोस्ट फैलाने के लिए कर रही है.”
कानूनी नजरिए से भी अत्यंत गंभीर मामला
बीजेपी के राज्यसभा सदस्य त्रिवेदी ने कहा, “यह न केवल राजनीतिक और नैतिक दृष्टिकोण से निंदनीय है, बल्कि कानूनी नजरिए से भी अत्यंत गंभीर मामला है.”
