मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है. इसी कड़ी में जशपुर जिले के मनोरा विकासखंड के करडीह गांव निवासी किसान प्रसन्न एक्का को भी योजना का लाभ मिला. उन्हें नाशपाती, लीची और मिर्च की खेती बढ़ाने के लिए मदद दी गई. यह सहायता शासकीय उद्यान रोपणी टेम्पू के माध्यम से राज्य पोषित राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के तहत दी गई है. इससे किसान को खेती बढ़ाने और आमदनी बढ़ाने में मदद मिल रही है.
प्रसन्न एक्का ने सरकारी योजना के तहत 0.215 हेक्टेयर जमीन में सामुदायिक फेंसिंग का लाभ लिया. इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत नाशपाती और लीची की खेती शुरू की. उन्होंने अच्छी क्वालिटी के वीएनआर 305 मिर्च बीज का भी इस्तेमाल किया. इससे मिर्च की अच्छी पैदावार और बेहतर कमाई हुई.
ये भी पढ़ें: रिटायरमेंट के बाद खेती को बनाया मिशन, वर्मी कम्पोस्ट से बदली 5 एकड़ जमीन की तस्वीर; पढ़ें रामरतन की कहानी
खेत में हाइब्रिड मिर्च की खेती शुरू की प्रसन्न एक्का ने
प्रसन्न एक्का ने बताया कि वर्ष 2024-25 में फेंसिंग नहीं होने के कारण फसल की सुरक्षा करना मुश्किल था. उद्यानिकी विभाग की सलाह के बाद उन्होंने खेत में हाइब्रिड मिर्च की खेती शुरू की. इससे प्रति एकड़ करीब 15 क्विंटल मिर्च का उत्पादन हुआ. मिर्च बेचकर उन्हें करीब 1 लाख 35 हजार रुपये मिले. सभी खर्च निकालने के बाद उन्हें करीब 1 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ. उन्होंने बताया कि अब वह ड्रिप और मल्चिंग जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर खेती को और बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं. क्षेत्र के कई किसान भी मिर्च की खेती से अच्छी कमाई कर रहे हैं.
किसान प्रसन्न एक्का की इंटरक्रॉपिंग खेती को देखकर प्रभावित
ग्राम पंचायत करडीह और आसपास के गांवों के किसान प्रसन्न एक्का की इंटरक्रॉपिंग खेती को देखकर प्रभावित हो रहे हैं. किसान अब पौधरोपण और खेती की नई तकनीक अपनाने में रुचि दिखा रहे हैं. कई किसान उद्यानिकी विभाग की योजनाओं से जुड़कर खेती को बेहतर बनाने और अपनी आमदनी बढ़ाने की बात कह रहे हैं. विभाग की योजनाओं का लाभ लेकर किसान कम लागत में बेहतर उत्पादन हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं.
प्रसन्न एक्का की पूरी कहानी यहां पढ़ें क्लिक करके.
