Bihar MLC Election 2026 पटना में जेडीयू की बैठक के बीच मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह के बयान से पार्टी के अंदर की सियासत गरमा गई है. एमएलसी चुनाव को लेकर पार्टी में चल रहे विवाद पर अनंत सिंह ने शुक्रवार को खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि यह पार्टी का चुनाव नहीं है. इसलिए वे नीरज कुमार का समर्थन नहीं करेंगे, बल्कि उन्हें हराने का काम करेंगे. उन्होंने कहा कि जब भी वे चुनाव लड़ते हैं, नीरज कुमार उनका विरोध करते हैं. ऐसे में वे उनसे समर्थन की उम्मीद कैसे कर सकते हैं.
AK-47 रखकर फंसाया
अनंत सिंह ने कहा, “हम लड़े तब नीरज बाबू ने विरोध किया. ललन सिंह लड़ते थे, तब भी उन्होंने विरोध किया. ये कभी नहीं छोड़ते हैं. हमारी गलती क्या है?” अपने खिलाफ हुई कार्रवाई का जिक्र करते हुए अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके घर में “AK-47 रखकर हमको फंसाया और जेल भिजवाया.” उन्होंने इस मामले की जांच की मांग की. साथ ही कहा कि पार्टी नेताओं को बुलाया जाना चाहिए और जरूरत पड़े तो नार्को टेस्ट भी कराया जाना चाहिए.
नीरज की हार निश्चित
अनंत सिंह ने दावा किया कि नीरज कुमार के विरोध के कारण ही उन्हें मोकामा से निर्दलीय चुनाव लड़ना पड़ा था. उन्होंने आरोप लगाया कि नीरज कुमार ने अपने लोगों को शराब पिलाकर उनसे गाली तक दिलवाने का काम किया. एमएलसी चुनाव को लेकर अनंत सिंह ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि यह पार्टी का चुनाव नहीं है. उन्होंने कहा कि इस चुनाव में वे नीरज कुमार को हराने का काम करेंगे.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें..
निर्दलीय को संगठन का साथ नहीं
इधर, इस मामले को लेकर जेडीयू नेता और एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि पटना स्नातक सीट पर पार्टी ने अभी किसी को अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है. उन्होंने कहा कि अगर कोई निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ता है, तो पार्टी प्रत्याशी की तरह संगठनात्मक व्यवस्था उसके साथ नहीं होती. नीरज कुमार ने कहा, “अगर मैं निर्दलीय हो जाऊंगा तो मुझे भी पोलिंग एजेंट नहीं मिलेगा, क्योंकि यह दलगत आधार पर होने वाला चुनाव है.” नीरज कुमार ने अनंत सिंह द्वारा समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज से जुड़े सवाल पर यह बात कही.
समर्थक लालच के कारण नहीं, बल्कि विचार और विश्वास पर मतदान करते हैं
उन्होंने अपनी पिछली विधानसभा चुनाव में जीत का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2020 में बीमार होने के बावजूद उन्होंने बड़े अंतर से चुनाव जीता था. नीरज कुमार ने बिना अनंत सिंह का नाम लिए कहा कि पार्टी के समर्थक किसी लालच के कारण नहीं, बल्कि विचार और विश्वास के आधार पर मतदान करते हैं.
बता दें कि बिहार में विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनाव होने हैं. आरजेडी ने इनमें से छह सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है.
Also Read बाढ़ में डूबा बिहार, राहत पर गरमाई सियासत; पप्पू यादव का तेजस्वी पर हमला, PK ने BJP को घेरा
