Vikramshila Setu: भागलपुर में क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु पर 7 जून तक गाड़ियों का आवागमन फिर से पूरी तरह शुरू कर दिया जाएगा. पुल पर चौथे बेली ब्रिज की लॉन्चिंग का काम शुरू हो गया है, जिसके बाद सुरक्षा जांच करके सिर्फ हल्के वाहनों को ही वन-वे सिस्टम से गुजरने की इजाजत मिलेगी. क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु पर दोबारा गाड़ियों का आवागमन शुरू करने के लिए युद्ध स्तर पर काम चल रहा है. 7 जून तक इस रूट पर ट्रैफिक को पूरी तरह से बहाल कर दिया जाएगा. बुधवार से पुल के ऊपर चौथे बेली ब्रिज की लॉन्चिंग का काम शुरू कर दिया गया है, जो गुरुवार (4 जून) तक पूरा हो जाएगा.
जांच के बाद ही आम लोगों के लिए खोला जाएगा
पथ निर्माण विभाग (RCD) और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अधिकारी इस काम की निगरानी कर रहे हैं. सुरक्षा मानकों की पूरी तकनीकी जांच करने के बाद ही इस रास्ते को आम जनता के लिए दोबारा खोला जाएगा. चौथे बेली ब्रिज की लॉन्चिंग के तुरंत बाद अप्रोच रैंप बनाने का काम शुरू होगा, जिसे दो दिनों में पूरा करने का लक्ष्य है.
इस वजह से वन-वे व्यवस्था होगी लागू
पुल की सुरक्षा को देखते हुए शुरुआती दिनों में यहां से गुजरने वाले वाहनों के लिए वन-वे व्यवस्था लागू होगी. पुल पर दोबारा ट्रैफिक शुरू करने से ठीक पहले सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर जरूरी तकनीकी ट्रायल किए जाएंगे.
विक्रमशिला सेतु से अभी केवल मोटरसाइकिल, ऑटो, एंबुलेंस और छोटी चारपहिया गाड़ियों (कार, जीप) को ही गुजरने की अनुमति होगी. भारी वाहनों जैसे कि यात्री बसों, मालवाहक ट्रकों और बड़े ट्रेलरों के आने-जाने पर अभी पूरी तरह से रोक रहेगी.
इस नियम का कड़ाई से पालन कराने के लिए पुल के दोनों सिरों पर मजबूत चेक पोस्ट बनाए जाएंगे. तकनीकी ऑडिट टीम के सुझाव पर पुल को अतिरिक्त मजबूती देने के लिए ही इस चौथे बेली ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
इंजीनियरों की टीम दिन-रात काम में जुटी
इस सेतु को जल्द चालू करने के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), पुल निर्माण निगम और विभाग के इंजीनियर दिन-रात काम कर रहे हैं. गाड़ियों के संचालन को सुरक्षित बनाने के लिए पहुंच पथ (अप्रोच रोड) के निर्माण और पुल के एंगल्स की मरम्मत की जा रही है. इसके साथ ही कोटा केबिनों की स्थापना, सड़कों पर लाइनिंग-मार्किंग और सिंगल लेन मॉनिटरिंग जैसे कामों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: पटना में कोचिंग बवाल के बाद सरकार एक्शन में, नकेल कसने की तैयारी, मिथिलेश तिवारी ने किया ऐलान
कोचिंग सेंटर बवाल मामले में गुरु रहमान की एंट्री, किए कई चौंकाने वाले दावे, बताई विवाद की असली वजह
