Hajipur News: वैशाली में बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट

Hajipur News: एसडीओ नीरज सिन्हा ने बांध एवं स्लुइस गेट का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

Hajipur News:(मनोहर कुमार) वैशाली जिले में बाढ़ से पूर्व तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. इसी कड़ी में एसडीओ नीरज सिन्हा ने देसरी एवं सहदेई प्रखंड क्षेत्र में गंगा नदी से जुड़े तटबंधों, स्लुइस गेट एवं बांधों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने बिलट चौक स्थित स्लुइस गेट तथा विभिन्न संवेदनशील बांध स्थलों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

कटाव निरोधी कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश

जल संसाधन विभाग के तकनीकी पदाधिकारियों के साथ निरीक्षण करते हुए एसडीओ नीरज सिन्हा ने तटबंधों पर आवश्यक कटाव निरोधी कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि गंगा नदी में जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तटबंधों पर दबाव बढ़ सकता है, इसलिए सभी संवेदनशील स्थलों पर समय रहते सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना जरूरी है.

बांध से अतिक्रमण हटाने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने सहदेई एवं देसरी प्रखंड के अंचल अधिकारियों तथा दोनों थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्षों को तटबंधों पर हुए अतिक्रमण को जल्द हटाने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

संवेदनशील स्थानों पर सैंडबैग रखने के निर्देश

SDO ने अधिकारियों को बांध के खतरनाक एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त मात्रा में सैंडबैग उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी पूरी रखना जरूरी है, ताकि आपदा के समय त्वरित कार्रवाई की जा सके.

प्रशासन पूरी तरह सतर्क

निरीक्षण के बाद नीरज सिन्हा ने बताया कि पूरे क्षेत्र में तटबंध निर्माण एवं मजबूतीकरण की अनुशंसा की गई है और उस दिशा में कार्य जारी है. उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार बांधों एवं तटबंधों की निगरानी कर रहा है, ताकि समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा सकें और बाढ़ की स्थिति में जानमाल की क्षति से बचाव किया जा सके.

कई अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान अनुराधा कुमारी, निशु सिंह सहित देसरी एवं चांदपुरा थाना की पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक पाण्डेय टीवी चैनल के माध्यम से पिछले 7 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हूं . करियर की शुरुआत Network 10 National News Channel से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहा हूं. देश और राज्य की राजनीति, कृषि और शिक्षा में रुचि रखता हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >