दुर्घटनाओं में दो ट्रैक्टर चालकों की मौत

दुखद. औद्योगिक व सराय थाना क्षेत्राें में हुए हादसे, लोगों में आक्रोश हाजीपुर : औद्योगिक थाने से महज एक किलोमीटर आगे जंदाहा की ओर एनएच 103 पर बुधवार को अपराह्न करीब 2.30 बजे एक खाली ट्रैक्टर के गड्ढे में पलट जाने के कारण ट्रैक्टर चालक की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. उधर, मंगलवार की […]

दुखद. औद्योगिक व सराय थाना क्षेत्राें में हुए हादसे, लोगों में आक्रोश

हाजीपुर : औद्योगिक थाने से महज एक किलोमीटर आगे जंदाहा की ओर एनएच 103 पर बुधवार को अपराह्न करीब 2.30 बजे एक खाली ट्रैक्टर के गड्ढे में पलट जाने के कारण ट्रैक्टर चालक की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. उधर, मंगलवार की देर रात सराय स्थित रेलवे रेक प्वाइंट से हाजीपुर एजेंसी ट्रैक्टर लेकर जा रहे चालक की मौत भी ट्रैक्टर पलटने से हो गयी. बुधवार को नगर के औद्योगिक क्षेत्र स्थित सुज्जी मिल के समीप हादसा हुआ. हादसे में सदर थाना क्षेत्र के शुभई गढ़ निवासी नन्हक महतो का पुत्र व ट्रैक्टर चालक होरिल महतो (40 वर्ष) की मौत हो गयी. घटना स्थल के पास के दुकानदारों ने बताया कि ट्रैक्टर पलटते ही लोगों की भीड़ जुट गयी.
लोगों ने बताया कि चालक ने एनएच पर खड़ी एक पंक्चर ट्रैक्टर से ओवरटेक कर आगे निकलना चाहा था. इसी बीच हादसा हो गया. चालक ने ट्रैक्टर से कूदने का प्रयास किया लेकिन वह विफल रहा और ट्रैक्टर गड्ढे में पलट गया. चालक ट्रैक्टर के नीचे दब कर घंटों कराहता रहा, लेकिन वहां जुटी भीड़ बेबस होकर देखती रही. लोगों के बीच चालक के दब कर मरने एवं बचने की आशंका को लेकर घटनास्थल पर ही चर्चा होती रही. करीब एक घंटे बाद किसी सूत्र से सूचना मिलने पर औद्योगिक थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्रेन के सहारे पहले ट्रैक्टर को निकाला, फिर उसके बाद चालक के शव को निकाला गया.
चालक की मौत की सूचना मिलते ही सुभई से उसके परिजन व ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गये. घटना के कारण वहां रुक-रुक कर जाम लगता रहा. पुलिस के शव निकालने के बाद स्थानीय लोगों ने आक्रोशित होकर एनएच-103 को सुज्जी मिल के पास जाम करना चाहा और पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को शव ले जाने से रोकने की कोशिश की. इस दौरान औद्योगिक थाना अध्यक्ष मधुरेंद्र कुमार के साथ मृतक के परिजनों ने धक्का-मुक्की भी की. लेकिन थाना अध्यक्ष ने अपनी सूझबूझ से मामले को निबटा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
वहीं दूसरी ओर सराय थाना क्षेत्र के रेल रेक प्वाइंट से हाजीपुर एजेंसी में लेकर जा रहे सोनालिका कम्पनी के एक ट्रैक्टर के सड़क किनारे पलट जाने से चालक की घटना स्थल पर मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार की रात करीब दस बजे सराय रेल रेक प्वाइंट से हाजीपुर एजेंसी में सोनालिका कंपनी के नये ट्रैक्टर का इंजन लेकर बिदुपुर थाना क्षेत्र के पानापुर खानपुर निवासी शिवजी भगत का पुत्र व चालक रौशन भगत रात्रि करीब दस बजे जा रहा था कि क्षेत्र के मुंसुरपुर गांव के पास एनएच-77 के पूर्वी लेन के बगल में अनियंत्रित होने से ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया. मौके पर ही चालक की मौत हो गयी.
गाड़ी पलटने कि आवाज सुन गांव के लोग मौके पर पहुंचे और घटना कि जानकारी स्थानीय पुलिस को दी. जानकारी मिलने पर सब इंस्पेक्टर सिधेश्वर सिंह पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे. शव को कब्जे में लेकर मृतक के पॉकेट में मिली डायरी में लिखे फोन नंबर के आधार पर परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी. उसके बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर ले गयी, जहां पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया.
थानाध्यक्ष रमण कुमार ने बताया कि पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है. परिजनों की ओर से आवेदन दिये जाने पर प्राथमिकी दर्ज कर कर कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >