युवा जनशक्ति के सदस्यों ने बिजली व्यवस्था चरमराने पर जताया रोष
15 जनवरी को संगठन पावर ग्रिड कार्यालय में करेगा तालाबंदी
लालगंज : प्रखंड के रेपुरा स्थित पावर ग्रिड परिसर में बिजली की समस्या को लेकर युवा जनशक्ति के सदस्यों ने एक दिवसीय धरना दिया. अध्यक्षता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुजीत कुमार ने की. उन्होंने कहा कि लालगंज में बिजली व्यवस्था बिल्कुल चरमरा गयी है. सरकार लाख ढिंढ़ोरा पीट ले, परंतु आजादी के 70 साल बीतने के बावजूद भी नगर क्षेत्र के वार्ड 15 के ठाकुर टोला में आज भी बिजली नहीं पहुंच पायी है. उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के पदाधिकारियों एवं स्थानीय कर्मियों की लापरवाही के कारण पावर ग्रिड की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है.
उन्होंने कहा की 14 जनवरी तक बिजली सामान्य नहीं हुई, तो 15 जनवरी को संगठन पावर ग्रिड कार्यालय में तालाबंदी करेगा तथा पूर्ण रूप बिल वसूली एवं बिजली सप्लाइ बाधित कर देगा. धरना स्थल पर धीरज राय, राजकमल जायसवाल, रमेश चौधरी, सुशील ठाकुर, अखिलेश चौधरी आदि दर्जनों कार्यकर्ता शामिल थे.
