हत्या अथवा आत्महत्या जांच में जुटी पुलिस
हाजीपुर : नगर थाना क्षेत्र के कोनहारा घाट स्थित अमरूद के एक बगीचे से सोमवार को संदिग्ध परिस्थिति में 30 वर्षीय एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया है. युवक ने खुदकुशी की है अथवा एक साजिश के तहत उसकी हत्या की गयी, इस गुत्थी में उलझी पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है. मृतक के शर्ट के पॉकेट से मिले वोटर कार्ड के आधार पर शव की पहचान रीतेश कुमार के रूप में की गयी है. आइकार्ड पर उसके घर का पता भागलपुर जिले के पिरपैतिया थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव लिखा है. उसके पिता का नाम के कॉलम में जीतेंद्र पांडेय अंकित है.
पुलिस ने मृतक के पर्स से दो आइकार्ड भी बरामद हुआ है, जो मुबंई की कंपनी मेडिविस फार्मासेटिकल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा जारी किया गया है. इस कार्ड में रीतेश की तसवीर है और कंपनी का वह रिजनल सेल्स मैनेजर दरसाया गया है. दूसरा कार्ड पंचमुखी एयर एंड ट्रेड का मिला है. यह कार्ड दिल्ली की एक कंपनी द्वारा जारी है. इस कार्ड में उसे मार्केटिंग हेड बताया गया है. इसके अलावा मृतक के पॉकेट से तीस हजार पांच सौ रुपये, नशीली दवा की दो शीशी और दवा में मिलाने वाली पानी भी बरामद की गयी है. मृतक के पॉकेट से एक सुसाइड नोट और हाथ की अंगुली में सोने की दो अंगुठियां भी बरामद हुई हैं.
एक हाथ में इंट्राकैट भी लगा हुआ है. अब पुलिस के लिए यह पहेली बन गयी है कि मृतक के पास मिले दो आईकार्ड में वह फिलवक्त किस कंपनी में कार्यरत था. पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि मृतक कहीं दोनों कंपनियों का प्रतिनिधित्व तो नहीं कर रहा था. पुलिस के सामने एक अहम सवाल यह भी कौंध रहा है कि मार्केटिंग के क्षेत्र में काम करने वाला युवक अमरुदवानी के सुनसान स्थान पर कैसे पहुंच गया. इस तमाम बिंंदुओं की जांच के दौरान पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है. फिलवक्त पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.
