परेशानी . नहीं चलीं बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और सहरसा अमृतसर एक्सप्रेस
लगभग सभी ट्रेनें चलीं विलंब से
हाजीपुर : जिला समेत पूरे राज्य और उत्तर भारत में कुहरे व धुंध के साथ ठंड का कहर जारी है. कुहरे की वजह से लगभग सभी ट्रेनें लेट चल रही हैं. पिछले दिनों की तरह जिले में सोमवार का भी न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके साथ कम दृश्यता के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ. रेल मंडल ने 32 ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया था. वहीं स्टेशन के सूचना पट पर दी जानकारी के मुताबिक पैसेंजर हो या एक्सप्रेस या फिर सुपरफास्ट, सभी ट्रेनें 15 से 25 घंटे लेट चल रही हैं. वही दो और ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया. घने कुहरे के कारण लंबी दूरी की सभी ट्रेनें बहुत ही ज्यादा विलंब से चल रही हैं. ठंड से लोग परेशान हैं और ट्रेनों की रफ़्तार ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है. कुहरे और सर्दी के साथ प्रदूषण भी बढ़ रहा है.
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आने वाला हफ्ता जिले के लिए और मुसीबत बढ़ा सकता है. अगले सप्ताह – दश दिन तक तापमान में और गिरावट होने की संभावना है. वहीं सोमवार की सुबह डीआरएम मनोज कुमार अग्रवाल ने जानकारी दी कि दरभंगा से नई दिल्ली के बीच चलनेवाली ट्रेन संख्या 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और सहरसा से चल कर अमृतसर जानेवाली ट्रेन संख्या 15209 सहरसा अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस को घने कुहरे और लेट लिंक के चलते रद्द कर दी गयी है. उन्होंने यात्रियों की इस असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया.
रेल महिला कल्याण संगठन की पहल : डीआरएम ने यह भी बताया कि पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा अनुपम अग्रवाल की पहल पर लोको पायलटों के लिए रात्रि में चाय की व्यवस्था की गयी है. पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन सोनपुर मंडल द्वारा गरीबों के बीच कंबल वितरित किया गया.
अलाव जलाने की मांग : लालगंज. युवा लोजपा के लालगंज प्रखंड अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य मुकेश पासवान ने क्षेत्र में चल रहे शीत लहर के मद्देनजर जिला प्रशासन से लालगंज के सभी चौक चौराहों पर अलाव की व्यवस्था कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि ठंड से सबसे अधिक परेशानी गरीब एवं रिक्शा ठेला चालकों को है. इसलिय चौक चौराहों एवं बस स्टैंड पर जल्द से जल्द अलाव की व्यवस्था करायी जाये. मांग पत्र देने वालों में लालगंज अल्प संखयक सेल के अध्यक्ष मो खालिक, लोजपा अध्यक्ष राम प्रवेश सिंह, शिव बालक पासवान, भोला यादव, अरविंद शर्मा, अमोद महतो, रवि कान्त आदि शामिल हैं.
महुआ : एक सप्ताह से लगातार क्षेत्र में पड़ रही कड़ाके की ठंड से पूरी तरह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. रविवार को दिन भर क्षेत्र में पड़ी कड़ाके कि ठंड के आगे सूर्य भगवान दर्शन नहीं दिये. जिस कारण दिन भर लोग कपकपाते रहे. महुआ में अपने परिवार की परवरिश को लेकर रिक्शा चलाने आये एक दलित चालक ने ठंड के कारण अपनी गाड़ी को गांधी चौक पर खड़ी करकर रहे हैं. क्षेत्र के फुलवारिया गांव के 40 वर्षीय लखनदेव पासवान रिक्शा चालक ने बताया कि ठंड में हाथ पैर काम नहीं कर रहा है वही सहदेई के एक बुजुर्ग की माने तो प्रशासन ने अभी तक अलाव की व्यवस्था नहीं की है. बच्चों को विद्यालय भेजने में लोगों को काफी कठिनाई हो रही हैं. बच्चे स्कूल भी नहीं जाना चाह रहे हैं. लोगों ने प्रशासन को विद्यालय बंद करने की मांग की है. ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन जल्द से जल्द अलाव की व्यवस्था करायें.
