रुक नहीं रहा सेतु पर जाम का सिलसिला

हाजीपुर : महात्मा गांधी सेतु पर जाम लगने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है. उत्तर बिहार की लाइफ लाइन कहे जानेवाले गांधी सेतु को जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन के पास कोई विकल्प नहीं है. शनिवार को सेतु पर रह-रहकर जाम लगता रहा. जाम में फंसे वाहनों पर बैठे लोग […]

हाजीपुर : महात्मा गांधी सेतु पर जाम लगने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है. उत्तर बिहार की लाइफ लाइन कहे जानेवाले गांधी सेतु को जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन के पास कोई विकल्प नहीं है. शनिवार को सेतु पर रह-रहकर जाम लगता रहा. जाम में फंसे वाहनों पर बैठे लोग खासे परेशान दिखे. शनिवार को जाम का मुख्य कारण सेतु पर वन-वे-ट्रैफिक व्यवस्था रहा. जाम के कारण बाइक चालक सेतु के फुटपाथ से होकर जान जोखिम में डाल कर निकलते देखे गये.

जाम के कारण कुछ लोगों ने पैदल ही सेतु पार किया. सबसे ज्यादा परेशानी उनको उठानी पड़ी, जिनके पास सामान और बच्चे थे. सेतु पर तैनात पुलिस के जवान जाम में फंसे वाहनों को आगे निकालने के लिए काफी मशक्कत करते दिखे. जाम का खामियाजा मरीज को लेकर पटना जा रहे एंबुलेंस चालकों को भी भुगतना पड़ा. हालांकि जाम की भयावहता को देख कुछ चालक एंबुलेंस को पश्चिमी लेन से भी निकाल कर पटना की ओर जाते देखे गये.

पाया संख्या 39 से 46 के बीच है वन-वे-ट्रैफिक व्यवस्था : सेतु के पश्चिमी लेन में मरम्मती के कार्य को लेकर पाया संख्या 39 से लेकर 46 तक वन-वे-ट्रैफिक व्यवस्था की गयी है. इन सात पायों के बीच एक ही पूर्वी लेन से वाहनों की आवाजाही करायी जाती है. बायीं तरफ से हाजीपुर से पटना की ओर जानेवाली, जबकि दायीं तरफ से पटना से हाजीपुर की ओर आनेवाले वाहनों की आवाजाही करायी जाती है. इस दौरान वाहनों की रफ्तार धीमी हो जाती है. इधर, पाया संख्या 39 से लेकर एक नंबर पाया तक बायीं लेन में मालवाहक वाहन जबकि दायें लेन में पैसेंजर वाहन चलाये जाते हैं. पाया संख्या 39 के समीप जब पैसेंजर वाहनों को निकाला जाता है, उस समय मालवाहक वाहनों को रोक दिया जाता है. यही क्रम मालवाहक वाहनों को निकालने के दौरान पैसेंजर वाहनों को रोका जाता है, जिसके कारण सेतु पर रह-रहकर जाम लगने का सिलसिला जारी रहता है.
निजी वाहनों का दबाव बढ़ने से लग रहा जाम
सेतु पर निजी वाहनों का दवाब बढ़ने से जाम लग जा रहा है. बीते एक सप्ताह से सोनपुर मेला देखने के लिए आनेवाले लोग निजी वाहन से आते हैं. साथ ही बालू का खनन शुरू होने से बड़े वाहनों की आवाजाही बढ़ गयी है. वन-वे-ट्रैफिक व्यवस्था के कारण वाहनों की गति कम होने से जाम की समस्या उत्पन्न हो जा रही है.
अवनीश कुमार, थानाध्यक्ष, गंगाब्रिज थाना

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >