हाजीपुर : नगर थाना क्षेत्र के जढुआ पुरानी बाजार से गत 24 नवंबर को गायब युवती का अपहरण नहीं हुआ था बल्कि युवती ने स्वेच्छा से घर से भाग कर प्रेमी के साथ शादी रचायी. इसका खुलासा अपहृता ने सोमवार को सीजेएम कोर्ट में दिये गये 164 के तहत बयान में किया. उसने कोर्ट में अपने प्रेमी और कथित पति के साथ जाने की इच्छा जाहिर की. युवती बालिग है. कोर्ट के आदेश पर नगर पुलिस ने युवती को प्रेमी के परिजनों के साथ भेज दिया. मिली जानकारी के अनुसार गत 24 नवंबर को युवती घर से कॉलेज के लिए निकली थी. देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजन उसकी खोजबीन में जुट गये.
इसी दौरान युवती के परिजनों को जानकारी मिली कि एक युवक ने उसे बहला-फुसला कर अपहरण कर लिया है. परिजनों ने पहले अपने स्तर से आरोपित लड़के के घर और रिश्तेदारों के यहां पता लगाया लेकिन जब युवती के संबंध में कोई सुराग नहीं मिला, तब दो दिन बाद नगर थाने की पुलिस को घटना की जानकारी दी. पुलिस ने युवती के गायब होने की घटना को गंभीरता से लिया. पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी. प्राथमिकी में मीनापुर गांव के राहुल राज सहित चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया. इधर राहुल के घर से गायब होने पर नगर पुलिस ने उसके परिजनों पर दवाब बनाया. इसी सिलसिले में राहुल के पिता को पुलिस हिरासत में ले लिया. पुलिस द्वारा पिता की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही राहुल के इशारे पर युवती ने सोमवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया.
