दुखद. कानपुर में ट्रेन हादसे के बाद स्टेशन की ओर दौड़े लोग, अपनों का जाना हाल
हाजीपुर हेल्पलाइन नंबर – 06224-272230
हाजीपुर : इंदौर से पटना जा रही ट्रेन इंदौर-राजेंद्र नगर एक्सप्रेस रविवार सुबह करीब 3.10 बजे भीषण हादसे का शिकार हो गयी. ट्रेन हादसे की खबर की सूचना मिलते ही लोगों ने अपने परिचितों और परिजनों की कुशल क्षेम जानने के लिए स्टेशन की ओर दौड़ पड़े. इस दौरान रेलवे के पूछताछ काउंटर पर सुबह से लेकर शाम तक लोगों की भीड़ लगी रही. रेलवे ने लोगों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है. जिस पर फोन कर आप जानकारी ले सकते हैं. भीषण हादसे को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया तो कई ट्रेनों का रूट बदल दिया. स्टेशन पर दिनभर अफरातफरी का माहौल बना रहा.
नहीं मिल रही है जानकारिया : कानपुर में हुए इंदौर-राजेंद्र नगर एक्सप्रेस हादसे के बाद ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों के परिजनों का हाजीपुर हेल्पलाइन नंबर पर पूछताछ के लिए कई बार फोन किया गया. सीटीआइ मोरी नोर अंजलि तोपानो ने बताया कि अपने परिजनों के वस्तुस्थिति की जानकारी के लिए परेशान लोगों में दूसरे राज्यों से ही लोगों ने अभी तक फोन किया है. हेल्पलाइन से सभी को बताया गया कि ”प्राप्त सूचना तक उनके परिजनों का नाम मृत या घायल सूची में नहीं है, वे ठीक होंगे.”
कई ट्रेनों का परिचालन बाधित : स्टेशन अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि कानपुर में हुए ट्रेन हादसे के बाद मुजफ्फरपुर-सूरत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन रद्द कर दिया गया. वहीं दूसरी ओर इस हादसे के बाद कानपुर होते हुए आने वाले ट्रेनें विलंब से चल रही है. इस रूट पर कोई स्पेशल ट्रेन का परिचालन अभी नहीं किया जा रहा है.
दुर्घटना में मारे गये लोगों के लिए शोक सभा : लालगंज. लालगंज बाजार स्थित शारदा सदन पुस्तकालय सभागार में उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुई ट्रेन दुर्घटना में मारे गये लोगों की याद में शोक सभा किया गया. सभा की अध्यक्षता कर रहे पुस्तकालय ट्रस्ट के सचिव संजय मंडल ने कहा कि ट्रेन दुर्घटना में मारे गये लोगों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है. उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट किया और उनके आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रख कर प्रार्थना की. शोक सभा में शामिल होनेवालों में पुस्तकालयाध्यक्ष आनंद कुमार, सहयोगी अरविंद कुमार, ह्रदय साह, कार्तिक चौधरी, पंकज मंडल आदि दर्जनों लोग उपस्थित थे.
जदयू के नेता ने जताया दु:ख : रेल दुर्घटना पर दुख प्रकट करते हुए जदयू नेताओं ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया. प्रत्येक मृतक के परिजनों को 25 लाख और घायल को पांच लाख रुपये देने की मांग की. संवेदना प्रकट करने वालों में पार्टी के प्रदेश महासचिव देव कुमार चौरसिया, जिलाध्यक्ष रविन कुमार सिन्हा, अरविंद कुमार राय, कन्हैया प्रसाद सिंह, डॉ महेश चौरसिया, कमलेश राय, राधेश्याम सिंह, आप्तमान अभय आदि थे.
बाधित ट्रेनों के बारे में पूछताछ करते लोग व स्टेशन पर ट्रेनों के विलंब से आने के चलते प्रतीक्षालय में जैसे-तैसे आराम करते लोग.
दुर्घटना की जिम्मेवारी लेते हुए इस्तीफा दें रेलमंत्री
रेल हादसे में सैकड़ों लोगों की मौत पर दु:ख प्रकट करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डाॅ रघुवंश प्रसाद सिंह ने रेल मंत्री सुरेश प्रभु से इस्तीफे की मांग की. उन्होंने कहा कि रेलवे ट्रैक के कमजोर होने के कारण तथा अन्य लापरवाही और चूक से इस प्रकार की दुर्घटनाएं हो रही हैं. रेल मंत्री को दुर्घटना की नैतिक जिम्मेवारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए. इंदौर-राजेंद्र नगर एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना में मारे गये लोगों के प्रति शोक प्रकट करते हुए डॉ सिंह ने मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये मुआवजे देने की मांग की.
इस हादसे के बाद ट्रेन संख्या 11109 झांसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है. वहीं ट्रेन संख्या 12542, 12522, 12541, 12534 और 22181 का रूट बदला गया है.
कमर्शियल कंट्रोल नंबर पर नहीं मिल रही जानकारी : रेल मंत्रालय द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर हादसे से पीड़ित लोगों की जानकारियां नहीं मिल रही हैं. हाजीपुर हेल्पलाइन नंबर से किसी भी लोगों को हादसे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है. सीटीआइ मेरी नोर अंजलि टोपनो ने बताया कि कमर्शियल कंट्रोल नंबर 82225/82231 पर कोई जानकारी नहीं प्राप्त हो रही है.
