संडे को भी सेतु पर लगा जाम

परेशानी. पूर्वी लेन पर दिखा वाहन पार्किंग-सा नजारा सेतु पर जाम में फंसे दूल्हे की गाड़ी, कई एंबुलेंस भी फंसे हाजीपुर : उत्तर बिहार की लाइफ लाइन महात्मा गांधी सेतु पर अवकाश के दिन रविवार को भी जाम रहा. सुबह में सेतु पर वाहनों की आवाजाही सामान्य थी, लेकिन अपराह्न दो बजे से सेतु पर […]

परेशानी. पूर्वी लेन पर दिखा वाहन पार्किंग-सा नजारा

सेतु पर जाम में फंसे दूल्हे की गाड़ी, कई एंबुलेंस भी फंसे
हाजीपुर : उत्तर बिहार की लाइफ लाइन महात्मा गांधी सेतु पर अवकाश के दिन रविवार को भी जाम रहा. सुबह में सेतु पर वाहनों की आवाजाही सामान्य थी, लेकिन अपराह्न दो बजे से सेतु पर जाम लगने का सिलसिला शुरू हुआ. चार बजे सेतु पर भयंकर जाम लग गया. सेतु का पूर्वी लेन का नजारा वाहन पार्किंग की तरह दिखा. सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन जाम में फंसे हुए थे. रविवार होने के बावजूद सेतु पर लगे जाम से लोग खासे परेशान थे. जाम में फंसे हाजीपुर के स्वर्ण व्यवसायी अमित कुमार का वाहन भी पाया संख्या 29 के समीप फंसा हुआ था.
व्यवसायी ने बताया कि बीते एक घंटे से सेतु पर जाम में फंसे हुए हैं.
उन्हें एक आवश्यक काम से पटना जाना था. जाम के कारण समय से पटना नहीं पहुंचने से काम नहीं होने का डर लगा हुआ है. पटना गौरीचक के ट्रक चालक रविभूषण राय भी जाम में फंसे हुए थे. उन्होंने बताया कि हाजीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में कोयला गिरा कर झारखंड जाना है. दो घंटे से सेतु पर फंसे हैं. पैसेंजर वाहन तो रुक-रुक कर निकल जा रहे है लेकिन माल वाहक वाहनों को पिछले एक घंटे से रोककर सेतु पर खड़ा करा दिया गया है. सेतु के पूर्वी लेन में ही फूल-मालाओं से सजी दुल्हे की गाड़ी फंसी हुई थी. चालक कभी गाड़ी पर बैठता था, तो कभी बाहर निकल कर जाम की स्थिति को देखता था. चालक सोनू ने बताया कि उसे बिहारशरीफ जाना है. जाम से लग रहा है कि सेतु पार करने में ही अंधेरा हो जायेगा. जाम का खामियाजा पटना मरीज लेकर जा रहे एंबुलेंस चालकों को भी भुगतना पड़ा. कई एंबुलेंस जाम में फंसे थे. हालांकि जाम की स्थिति को देखते हुए कुछ एंबुलेंस के चालक टॉल प्लाजा के समीप से ही सेतु के पश्चिमी लेन में हो गये और सेतु पार करते देखे गये. सेतु पर तैनात होमगार्ड के जवान सोनेलाल ने बताया कि दो बजे से जाम लगना शुरू हुआ. शुरू में वाहनों को आगे बढ़ाया गया, लेकिन वन-वे-ट्रैफिक के कारण जाम गहरा गया है. सेतु जाम के कारण रविवार को टेंपो का परिचालन भी अन्य दिनों की अपेक्षा कम रहीं. नतीजतन बस वालों की चांदी कटी. बस की छतों पर सवार होकर लोग सेतु पार किये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >