दुखद . शौच जाने की अनुमति मांगने पर पीटा
पटेढ़ी बेलसर : प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय मनोरा के शिक्षिका ने एक दलित छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी. पिटाई के बाद बच्चा बेहोश हो गया. बच्चे का कसूर सिर्फ इतना था की उसने शौच जाने की अनुमति मांगी थी. इससे आक्रोशित शिक्षिका ने छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी. पिटाई के बाद छात्र अचेत हो गया.
जानकारी होते ही छात्र के परिजनों ने विद्यालय पहुंचकर बच्चे को निजी चिकित्सक के यहां इलाज के लिये भरती कराया. छात्र विशाल कुमार वर्ग चार का छात्र है. वह मनोरा गांव निवासी हरेंद्र पासवान का पुत्र है. घायल छात्र को गर्दन में गंभीर चोट लगी है. जिस कारण वह बार-बार अचेत हो जा रहा है. गंभीरता को देखते हुए निजी चिकित्सक भी अच्छे डॉक्टर से इलाज करने की सलाह दी है. निजी चिकित्सक के यहां उपचार करा रहे छात्र की मां ने रोते हुए बताया कि मेरे बच्चे को बेरहमी से पीटा गया गया है.
इससे पहले भी शिक्षिका ने पिटाई की है. परिजनों ने विद्यालय की शिक्षिका प्रभा कुमारी पर विशाल को बुरी तरह पीटने का आरोप लगाया है. फिलहाल इस घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है. लोगों का कहना है कि शिक्षा का मंदिर से धीरे-धीरे शिक्षा गायब हो रही है. होनहार बच्चे को सरकारी विद्यालय में जरूरी शिक्षा उपलब्ध नहीं हो पा रही है. बच्चे जब पढ़ाने की जिद करते हैं तो उनका यही हाल होता है. गुरुवार को विद्यालय के प्रधानाध्यापक छुट्टी पर थे. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बलदेव राम ने घटना की बात कहते हुए कहा कि कार्रवाई की जायेगी.
क्या कहते हैं अधिकारी
अभी तक इस मामले की जानकारी प्राप्त नहीं हुई है. छात्र के साथ अगर इस तरह की घटना घटी है, तो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. छात्र के परिजन घटना की जानकारी दें. शिक्षिका पर विधिसंगत कार्रवाई होगी.
विवेक कुमार मिश्रा, अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, पटेढ़ी बेलसर
