बाइक चालक को बचाने के चक्कर में ट्रकचालक ने नियंत्रण खोया
हाजीपुर : महात्मा गांधी सेतु पर सोमवार को उस समय एक बड़ी हादसा होने से टल गया, जब हाजीपुर से पटना जा रहे एक हाइवा ट्रक का चालक रेलिंग तोड़ते हुए सेतु से लटक गया. इस हादसे में हाइवा का चालक व खलासी बाल-बाल बच गया. हाइवा ट्रक पर गिट्टी लोड था. सेतु के पूर्वी लेन में पाया संख्या 32 के समीप रेलिंग तोड़ कर लटके हाइवा की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गयी. आनन-फानन में गंगाब्रिज थाने की पुलिस वहां पहुंची.
इस दौरान सेतु पर पटना जाने वाले वाहनों को प्रशासन द्वारा कुछ देर के लिए रोकना पड़ा. नतीजतन, सेतु पर जाम लगना शुरू हो गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्रेन मंगवाया. काफी मशक्कत के बाद हाइवा को सुरक्षित वहां से हटाया गया. इस दौरान लगभग डेढ़ घंटों तक वहां लोगों की भीड़ जुटी रही.
मिली जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार दो युवक पटना की ओर जा रहे थे. 32 नंबर पाये के समीप बाइक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाया गया. उसे बचाने के लिए हाइवा ट्रक के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाया. इस क्रम में वह नियंत्रण खो दिया. तेज गति के कारण इमरजेंसी ब्रेक लगाने के बावजूद हाइवा सेतु के फुटपाथ को पार करते हुए रेलिंग तोड़ लटक गया.
हालांकि शुरू में यह अफवाह उड़ी थी कि हाइवा ट्रक का टायर फटने से चालक नियंत्रण खो दिया और रेलिंग तोड़ते हुए सेतु से लटक गया है.
नियंत्रण खोने से हुई घटना
सेतु पर सोमवार को वाहनों की आवाजाही हो रही थी. पाया संख्या 32 के समीप एक हाइवा ट्रक रेलिंग तोड़ते हुए सेतु से लटक गया. क्रेन मंगवाया गया और हाइवा ट्रक को सुरक्षित निकाला गया. घटना का कारण एक बाइक चालक को बचाने के दौरान हाइवा ट्रक के चालक द्वारा नियंत्रण खोने से हुआ है.
अवनीश कुमार
थानाध्यक्ष, गंगाब्रिज थाना
