लालू व तेज प्रताप का स्कॉट वाहन पलटा, चार पुलिसकर्मी घायल
हाजीपुर : हाजीपुर-पटना मुख्य मार्ग पर नगर थाना क्षेत्र में जढुआ के पास गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद और उनके बेटे व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव काे स्कॉट कर रही पटना पुलिस का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इससे उनमें सवार एक दारोगा सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गये. चारों को सदर अस्पताल में भरती कराया गया.
डाॅक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को पीएमसीएच रेफर कर दिया. हाजीपुर नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के काफिले में एक कार घुस गयी थी, जिससे स्कॉट वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. एक दारोगा और कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. पीएमसीएच में उनका इलाज चल रहा है. पीएमसीएच में घायलों का बयान दर्ज किया जा रहा है. कार के मालिक और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जायेगी.
