वारदात . वेंटिलेटर तोड़कर चोरों ने िदया घटना को अंजाम
हाजीपुर/देसरी : स्थानीय दुकानदार जब धनतेरस के मौके पर मोबाइल बेचकर पैसा कमाने की सोच रहे थे तो देसरी थाना क्षेत्र के एक मोबाइल दुकान के संचालक सर पर हाथ रख रो रहे थे. बुधवार देर रात चोरों ने उनकी मोबाइल दुकान से लगभग दस हजार से ऊपर मूल्य के 80 मोबाइल को चुरा ले गये. थाना क्षेत्र मुरौवतपुर अंबेडकर चौक पर स्थित विकास इलेक्ट्रॉनिक नामक दुकान में बुधवार रात चोरों ने दुकान का वेंटिलेटर तोड़कर अंदर घुसे थे.
दुकान में बिक्री के लिए रखे सैमसंग कंपनी के 80 पीस कीमती मोबाइल फोन चोरी कर लिया. दुकान के संचालक विकास कुमार ने गुरुवार की सुबह जब अपनी दुकान खोली तो देखा की दुकान के अंदर फर्श पर कुछ मोबाइल बिखरे पड़े थे. रैक में रखे सैमसंग के कीमती मोबाइल गायब थे. यह देख कर दुकानदार के होश उड़ गये. दुकानदार ने जब रैक पर जाकर अपने मोबाइलों की गिनती की तो 80 मोबाइल गायब थे. गल्ले में रखे कुछ रुपये भी गायब थे. चोर किस रास्ते से दुकान में घुसे थे यह जानकारी नहीं हो पा रही थी.
दुकानदार और लोगों की नजर जब अचानक ऊपर की ओर गयी तो सभी चकित रह गये. ऊपर देखा तो पता चला की चोरों ने दुकान का वेंटिलेटर तोड़ दिया था और उसी रास्ते से अंदर घुसे थे. दुकानदार विकास कुमार जायसवाल ने इसकी सूचना पुलिस को दी है. सूचना मिलते ही देसरी पुलिस ने स्थान पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है. दुकानदार विकास ने बताया कि चोरों ने जो मोबाइल ले गये हैं. उसकी कीमत लगभग ढाई लाख बतायी जा रही है. चोरी की घटना को लेकर देसरी पुलिस हलकान है. पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है. साथ ही चोरी हुई सामान की बरामदगी के लिये छापेमारी कर रही है.
ज्ञात हो कि इसके पूर्व में भी कई दुकानों में चोरी की छोटी-मोटी घटना हुई है. जिसकी जानकारी लोग पुलिस को नहीं देते हैं. जिसके कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है. व्यावसायियों ने पुलिस गश्त तेज करने और क्षेत्र में अपराध पर रोक लगाने की मांग की है.
80 कीमती मोबाइल लगे चोरों के हाथ
दुकान का टूटा हुआ वेंटिलेटर.
