महनार : प्रखंड व नगर राजद इकाई की बैठक जायसवाल विवाह भवन में नगर अध्यक्ष रमेश कुमार राय की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित की गयी. जबकि संचालन प्रखंड अध्यक्ष अभय कुमार राय ने किया. प्रथम सत्र की बैठक में उपस्थित जिला अध्यक्ष पंछीलाल राय ने मौजूद राजद के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी की मजबूती एवं संगठन की विस्तार पर गहन चर्चा की. उन्होंने पार्टी के साथियों से पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद एवं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के द्वारा जन-जन के लिये किये जा रहे कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने एवं सामंती शक्ति की साजिश को विफल करने का आह्वान किया.
उन्होंने कहा की केंद्र सरकार बिहार के साथ सौतेलापूर्ण व्यव्हार कर रहा है. चुनाव में किये गए जनता के साथ हर खाते में कालाधन की राशि देने, युवाओं को रोजगार देने आदि वादाखिलाफी से जनता को अवगत कराने की बात कही. बैठक की दूसरे सत्र की शुरुआत राजद के पूर्व नगर अध्यक्ष मो. मुस्लिम के असामयिक निधन पर उपस्थित लोगों ने उन्हें राजद का समर्पित सिपाही बताते हुए उनके प्रति गहरा शोक प्रकट किया और उन्हें श्रद्धांजंली दी.
बैठक को अनुमंडल अध्यक्ष सुरेन्द्र राय, युवा राजद के प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार राय, पूर्व प्रदेश महासचिव जवाहर साह, सत्येंद्र कुमार राय, जिला उपाध्यक्ष सह पैक्स अध्यक्ष अशोक कुमार बब्बू, गणेश प्रसाद राय, जय गोविंद राय, बैद्यनाथ राय, रवि चौरसिया, मुन्ना राउत, इरसाद अंसारी आदि वक्ताओं ने अपने-अपने विचार व्यक्त किया. धन्यवाद ज्ञापन परमानंद राय ने किया.
