लालगंज : किसान मजदूरों एवं आम जनता की समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय खेत मजदूर किसान सभा के लालगंज प्रखंड यूनियन के सदस्य 28 अक्तूबर को प्रखंड कार्यालय परिसर लालगंज में धरना देंगे. संगठन के जिला महासचिव सह प्रखंड अध्यक्ष त्रिभुवन राय ने लालगंज स्थित तीनपुलवा चौक पर संगठन के बैठक के बाद कही. उन्होंने कहा कि लालगंज में भू-माफियाओं का बोल बाला है. जो स्थानीय अंचलाधिकारी एवं पुलिस प्रशासन के मेल में मठों एवं आम लोगों की जमीन पर कब्जा किये हुए हैं.
उन्होंने कहा कि यहां के निजी स्कूल हर महीने फीस में वृद्धि कर रहे हैं. जिससे गरीब एवं सामान्य लोगों के लिए निजी स्कूलों में अपने बच्चों को पढ़ाना काफी मुश्किल हो गया. नगर पालिका के ठेकेदार एक यात्री वाहन से तीन-तीन जगह जबरन वसूली कर रहे हैं. मालवाहक ट्रकों व अन्य गाड़ियों से जबरन वसूली कर रहे हैं. जिससे लालगंज बाजार एवं हाजीपुर-लालगंज मुख्य मार्ग के पोझियां में जाम की स्थिति बनी रहती है. अक्सर लोग दुर्घटनाओं के शिकार होते रहते हैं.
जिसका ताज़ा उदाहरण गुरुवार को बाइक से न्यायालय जाते वक्त पोझियां में ट्रक से कुचल कर भगवानपुर निवासी अधिवक्ता विशुनदेव भगत की मौत है. वहीं पोझियां टैक्स वसूली केंद्र एवं तीनपुलवा स्थित टेम्पू स्टैंड के पास दर्जनों यात्री दुर्घटनाग्रस्त हो मौत के शिकार हो चुके हैं. लालगंज से खुलने वाली यात्री गाड़ियों के लिए प्रति किलो मीटर भाड़ा तय किया जाना चाहिए. लालगंज से भगवानपुर अड्डा बारह किलोमीटर का भाड़ा भी बीस रुपया है.
लालगंज से मदरना दस किलोमीटर का भाड़ा पंद्रह रुपया लिया जाता है. लालगंज से जारंग नौ किलोमीटर का भाड़ा पंद्रह रुपया लिया जाता है. जो सरासर अनुचित है. अन्य समस्याएं हैं. जिसके लिए लड़ाई लड़ने की जरूरत है. इस अवसर पर महेश राय, मनोज यादव, सनोज यादव, अखिलेश कुमार, मंजय सहनी आदि दर्जनों संगठन सदस्य उपस्थित थे.
