मृतक मनीष की मां के पास बैठीं महिलाएं.
पटेढ़ी बेलसर : गोरौल थाना क्षेत्र के हरसेर शिवम धर्मकांटा के समीप एनएच-77 पर शुक्रवार की शाम डंपर से कुचल कर बाइक सवार तीन युवकों की मौत से क्षेत्र में मातम पसर गया. हाजीपुर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शनिवार की सुबह मनीष और विक्रांत का शव घर पहुंचा. शव पहुंचते ही परिजनों के चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. दोनों घरों में घटना के बाद मातमी सन्नाटा पसरा हुआ था. मनीष की मां का बुरा हाल था.वह बार-बार बेहोश हो रही थी.
मनीष दो भाइयों में बड़ा था.उसके पिता कमल शर्मा लकड़ी के फर्नीचर बनाने के लिए क्षेत्र में मजदूरी करते हैं. उधर, राममठ गांव में विक्रांत कुमार के घर भी चीख-पुकार मची थी. शव पहुंचते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. विक्रांत के पिता राम ईश्वर गिरि एक छोटे किसान हैं. विक्रांत चार भाइयों में तीसरा था .वह काफी मिलनसार था.
मोबाइल दुकान चला कर परिवार को आर्थिक सहायता करता था. पटेढ़ी बेलसर के सीओ विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से चार-चार लाख रुपये दिये जायेंगे. मालूम हो कि शुक्रवार की शाम डंपर की ठोकर से बाइक सवार तीन युवकों की घटनास्थल पर मौत हो गयी थी.
मृतकों में बेलसर ओपी क्षेत्र के मानपुरा निवासी कमल शर्मा के पुत्र मनीष कुमार तथा राममठ गांव निवासी राम ईस्वर गिरि का पुत्र विक्रांत कुमार शामिल था. तीसरा युवक मुजफ्फरपुर जिले के फकुली ओपी क्षेत्र के केशरामा गांव निवासी सुबोध मिश्र का पुत्र गुंजन कुमार था. गुंजन और विक्रांत की बेलसर बाजार पर मोबाइल दुकान है. मनीष मोबाइल का मिस्त्री व गुंजन का कर्मचारी था.
