पातेपुर : हाइकोर्ट से जमानत मिलने के बाद भागलपुर जेल से छूट कर आये राजद के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन ने कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद हमारे नेता हैं. बिहार के वे अकेले ऐसे नेता हैं, जो जात नहीं जमात के हिमायती हैं. वे बिहार के सर्वमान्य नेता हैं. उन पर गरीब, दलित, महादलित, पिछड़े, यहां तक कि अकलियत आंख मूंद कर यकीन करते हैं.
यह बात राजद के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन ने भागलपुर जेल से रिहा होकर सीवान जाने के क्रम में शनिवार को पातेपुर प्रखंड के रसलपुर कावा गांव में मोहम्मद शाकीब फारूकी उर्फ मोहम्मद शेहरू के आवास पर कहीं. पूर्व सांसद श्री शहाबुद्दीन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को परिस्थितियों का मुख्यमंत्री बताया. इससे पूर्व एनएच 28 के चिक्नौटा चौक पर पूर्व सांसद के सैकड़ों समर्थकों ने फूल माला पहना कर पूर्व सांसद का स्वागत किया. इस अवसर पर पातेपुर की विधायक प्रेमा चौधरी ने भी फूल-माला पहना कर पूर्व सांसद का स्वागत किया.
