देसरी : जन्दाहा थाना क्षेत्र के गुरु चौक पर हाइ वोल्टेज बिजली के करेंट की चपेट में आने से एक दुकानदार की मौत हो गयी. इस घटना में एक व्यक्ति बुरी तरह से जख्मी हो गया. जिससे आक्रोशित लोगों ने शव को एनएच 103 पर रख एवं टायर जला कर सड़क जाम कर दिया. मृतक सहदेई बुजुर्ग ओपी क्षेत्र के भगवतीपुर बगौती गांव का निवासी था. जिसका नाम त्रिलोकीनाथ सिंह है. उसकी उम्र 50 वर्ष बतायी गयी है. घटना उस वक्त हुई,
जब मृतक राशन दुकान पर मुकुंदपुर भाथ निवासी देवेंद्र राय का ट्रक लेकर चोकर खरीदने के लिए आया था. उसने ट्रक को राशन दुकान के सामने लगा कर चोकर खरीदा और चोकर को ट्रक पर लादने के लिए उसका हाईड्रोलिक बटन दबा दिया. जिसके कारण उसका पिछला डाला ऊपर उठा. जो उसके ऊपर से गुजर रहे बिजली के 11 हजार वोल्ट के तार में जाकर सट गया. जैसे ही वह विद्युत तार से सटा कि पूरी गाड़ी में करेंट दौड़ गयी.
चोकर लादने में सहयोग कर रहे दुकानदार त्रिलोकीनाथ सिंह को भी एक जोरदार झटका देकर पटक दिया. जिसने चालक देवेंद्र राय को झुलसा दिया. यह देख दुकानदारों में भगदड़ मच गयी. संयोग से बिजली का फ्यूज उड़ गया और लाइन कट गयी. जिसके कारण चालक की जान बच गई. स्थानीय दुकानदारों ने आननफानन में तुरंत दोनों को जन्दाहा निजी अस्पताल में इलाज करवाने के लिए ले गये. जहां चिकित्सक ने दुकानदार को मृत घोषित कर दिया.
जिसके बाद सभी दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दिया. बिजली के करेंट से त्रिलोकीनाथ सिंह के मौत हो जाने की जानकारी मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण गुरु चौक पर जुट गये. उन लोगों ने एनएच 103 पर लाश को रख दिया और टायर जला कर जाम कर दिया. जाम की सूचना पर जन्दाहा थाना, बीडीओ, सीओ ने घटना स्थल पर पहुंच कर लोगों को समझा बुझा कर जाम हटाने का प्रयास किया. दुकानदारों ने बताया की बिजली का तार काफी नीचे से गुजर रहा है, और झुला हुआ है. जिसके कारण यह घटना हुई.
