महनार : महनार स्टेशन रोड झुरकिया पचपुलवा के पास दो बाइक की आमने सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने सड़क जाम कर दिया. जो थानाध्यक्ष पहल पर समाप्त हुआ.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक चमरहरा गावं निवासी छठ्ठू पासवान का 35 वर्षीय पुत्र सुरेश पासवान अपने छोटे भाई के साथ महनार बाजार से मोटरसाइकिल से पशु के लिए चोकर लेकर घर जा रहा था. इसी दौरान स्टेशन की ओर से दो अलग अलग मोटरसाइकिल तेजी से आयी. जिसमें से एक ने सुरेश की गाड़ी में ठोकर मार दी. इससे सुरेश की बाइक को ठोकर मारने वाले की बाइक सड़क किनारे पानी में जा गिरी और सुरेश बीच सड़क पर ही जख्मी होकर गिर पड़ा.
घटना के बाद ठोकर मारने वाला युवक अपनी बाइक पानी में ही छोड़कर अपने दूसरे बाइक पर सवार दोस्त के साथ भाग निकला. स्थानीय लोगो की मदद से घायल को उसका भाई महनार अस्पताल ऑटो पर लादकर ले गया. जहां पर डॉ ठाकुर मुकेश सिंह चौहान एवं डॉ रविकांत ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
सरेश की मौत से आक्रोशित परिजनों ने झुरकिया के पास एवं महनार मदन चौक को जाम कर दिया. इस दौरान स्थानीय अशोक कुमार सिंह एवं मुखिया अशोक सिंह ने एसडीओ से बात कर तत्काल दुर्घटना सहायता राशि दिलवायी. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये हाजीपुर भेजा दिया गया. पुलिस ने घटना स्थल से ठोकर मारने वाले युवक की बाइक को जब्त कर लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
महनार संवाददाता के अनुसार सहदेई बुर्जुग ओपी अंतर्गत महनार स्टेशन रोड झुरकिया पचपुलवा के पास दो बाइकों की हुई आमने-सामने की टक्कर में मृतक सुरेश के भाई चंद्रदेव पासवान के बयान पर अज्ञात बाइक सवार पर महनार थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. मौत पर चमरहरा ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष रामनरेश सिंह, मुखिया अशोक कुमार सिंह, सरपंच निलेश कुमार सिंह, समाजसेवी इ रवींद्र कुमार सिंह, जदयू नेता धीरेंद्र कुमार सिंह, उपसरपंच गुड्डू सिंह, पूर्व उपसरपंच अवधेश सिंह, नवल सिंह, टुन्ना सिंह समेत अन्य लोगों ने गहरा दुःख प्रकट किया है.
दुर्घटना के बाद जाम करते लोग व मृतक के रोते-बिलखते परिजन (इनसेट).
