विरोध . स्टैंड संचालक पर रंगदारी मांगने का लगाया आरोप
दोनों ओर लग गयीं वाहनों की कतारें
हाजीपुर/सराय : स्टैंड संचालक के रंगदारी के विरोध में गुरुवार को ऑटोचालकों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित चालकों ने हाजीपुर-महुआ मुख्य मार्ग को सराय थाना क्षेत्र में रानी पोखर चौक के समीप जाम कर वाहनों की आवाजाही ठप कर दी. घटना की सूचना मिलने पर सराय पुलिस जाम स्थल पर पहुंची. पुलिस ने चालकों को समझाने-बुझाने का प्रयास की. आक्रोशित चालकों ने डीएम को बुलाने और दबंग स्टैंड संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग पर डटे रहे. इस क्रम में लगभग पांच घंटे तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप रही, जिसके कारण दोनों छोर पर छोटे बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गयी. पुलिस ने स्टैंड संचालक के खिलाफ कार्रवाई किये जाने का आश्वासन दिया,
इसके बाद जाम कर रहे ऑटो चालक शांत हुए. पुलिस सूत्रों के अनुसार सराय थाने के मुकुंदपुर गांव निवासी ऑटोचालक राज कुमार राय ने रंगदारी में निर्धारित स्टैंड शुल्क से अधिक की राशि देने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गयी. उसके हाथ तोड़ दिये गये. गुरुवार को अन्य ऑटोचालकों के साथ भी मारपीट की गयी. इसी आक्रोश में ऑटोचालकों ने सड़क जाम कर अपने गुस्से का इजहार किया. जाम करनेवाले चालकों में मनोज राय, मेही राय, महेश्वर राय, दिलीप राय, सत्येंद्र राय आदि शामिल थे.
जांच के बाद होगी कार्रवाई
सराय थाने के सहायक अवर निरीक्षक जग जीतन सिंह ने बताया कि स्टैंड संचालक के खिलाफ आरोप लगाते हुए ऑटोचालकों ने एक आवेदन दिया है. मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
