मातम. एनएच 103 हाजीपुर-जंदाहा रोड में नाइपर के पास हुई दुर्घटना, रोड जाम
पिता घायल, ट्रक जब्त, चालक फरार
बीमार प्रियंका को इलाज के लिए बाइक से पटना ले जा रहे थे उसके पिता
हाजीपुर : एनएच 103 हाजीपुर-जंदाहा रोड में नाइपर के पास शनिवार की सुबह एक तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक की ठोकर से बाइक सवार एक युवती की मौत हो गयी, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने कुछ देर के लिए रोड जाम कर दिया. जानकारी के अनुसार, बरांटी थाना के गुमटी गांव निवासी लालबाबू कुमार अपनी बेटी 20 वर्षीया प्रियंका को बाइक से इलाज के लिए पटना जा रहे थे. इसी क्रम में स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र के पास एक तेज रफ्तार के ट्रक ने बाइक में ठोकर मार दी, जिससे बाइक सवार युवती प्रियंका की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं उसके पिता लालबाबू गंभीर रूप से घायल हो गये. बताया गया है कि प्रियंका की दो साल पहले ही तिसिऔता गांव में अजीत कुमार के साथ शादी हुई थी.
तबियत खराब होने के बाद कुछ दिनों पहले वह अपने मायके आयी थी और शनिवार की सुबह अपने पिता के साथ बाइक से पटना डॉक्टर के पास जा रही थी. ट्रक की ठोकर के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना औद्योगिक क्षेत्र थाना को दी. इस दौरान कुछ देर के लिए सड़क भी जाम कर दी गयी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझा कर मृतका के शव को सदर अस्पताल भेजा. वहीं उसके घायल पिता का इलाज सदर अस्पताल चल रहा है. बताया गया है कि घटना के बाद चालक ट्रक छोड़ कर फरार हो गया है. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है.
