भगवानपुर : भगवानपुर थाना क्षेत्र के सहथा गांव में दहेज के लिए चार माह पूर्व ब्याही गयी विवाहिता की ससुराल वालों ने जला कर हत्या कर दी. मृतका माला देवी सहथा निवासी सुनील पासवान की पत्नी थी. इस घटना के ससुराल वाले घर छोड़ कर भाग निकले.
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले व भगवानपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गयी. विवाहिता की हत्या से आक्रोशित लोगों ने थोड़ी देर के लिए हंगामा भी किया. सूचना पर पहुंचे सदर एसडीपीओ राघव दयाल से सभी को समझा कर शांत कराया.
हंगामा शांत होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतका माला देवी के पिता महुआ थाना क्षेत्र के मिर्जानगर निवासी हरिहर पासवान ने बताया कि बीते 12 मई को उसने अपनी पुत्री की शादी भगवानपुर थाना क्षेत्र के सहथा गांव निवासी पुनीत पासवान के पुत्र सुनील पासवान के साथ की थी. शादी के वक्त अपनी हैसियत के मुताबिक दान दहेज भी दिया था.
शादी के कुछ दिन बाद सास-ससुर माला को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे. इाह बीच सुनील कमाने के लिए पंजाब चला गया. करीब एक सप्ताह पूर्व जब माला मायके गयी थी तो उसने सारी बात अपने माता-पिता को बतायी.
इसके बाद वह वापस लौट गयी. हरिहर पासवान ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर सोमवार की सुबह सास-ससुर एवं अन्य ने मिट्टी तेल से जला कर माला की हत्या कर दी. ग्रामीणों की सूचना पर वह यहां पहुंचे.
इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी. विवाहिता की हत्या की जानकारी मिलने वहां आसपास के ग्रामीण जुट गये. इसी बीच हत्या से आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू कर दी.
सूचना पर बेलसर ओपी की पुलिस के साथ पहुंचे सदर एसडीपीओ ने सभी को समझा कर शांत कराया. इस संबंध में भगवानपुर थानाध्यक्ष सीबी शुक्ला ने बताया कि मृतका के परिजनों ने अभी तक आवेदन नहीं दिया है. आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
