राजापाकर : बैंक से रुपये निकाल कर घर लौट रही एक महिला से अपराधियों ने तीन लाख रुपये लूट लिए. घटना राजापाकर थाना क्षेत्र के चकसिकंदर बाजार में सोमवार की शाम में हुई. इस सिलसिले में पीड़िता के बयान पर राजापाकर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही थी.
जानकारी के अनुसार बाकरपुर पंचायत के गंगाजल गांव निवासी मनोज राय की पत्नी अनीता देवी सोमवार को हाजीपुर स्थित एसबीआई के मुख्य शाखा से तीन लाख रुपये की निकासी की थी. मनोज राय आर्मी का रिटायर्ड जवान है.
बैंक से रुपये निकासी कर वह एक बैग में रख ली और घर जाने के लिए ऑटो पकड़ ली. वह ऑटो से चकसिकंदर बाजार में उतरी और घर जाने के लिए जैसे ही आगे बढ़ी की एक पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधी अचानक उसके पास पहुंचा और उसके पास से बैग सहित रुपये झपट्टा मार कर मौके से फरार हो गया.
घटना के बाद महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया और इसी क्रम में वह बेहोश होकर मौके पर गिर पड़ी. महिला के साथ हुयी घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग वहां जुट गये. लोगों ने घटना की सूचना उसके परिजनों को दी. वेहोश महिला को आनन-फानन में उठाकर उसके घर लाया गया. जब महिला को होश आया तब उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजन राजापाकर थाने पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी.
इस संबंध में थानाध्यक्ष मो कलामुद्दीन ने बताया कि महिला का बयान दर्ज किया गया है. एक बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.
