हाजीपुर : जिले में पिछले दो-तीन महीनों के दौरान अपराधी इस कदर बेखौफ हो गये हैं कि आम व खास सभी सहमे हुए से नजर आ रहे हैं. पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद आपराधिक घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं. अपराधियों के बढ़े मनोबल ने जिले में आम व खास के फर्क को मिटा दिया है. अपराधी किसी भी वक्त और किसी को भी टारगेट करने से नहीं हिचकिचा रहे हैं. दो महीने पूर्व 26 मई की देर शाम मुजफ्फरपुर के भाजपा सांसद अजय निषाद के गैस गोदाम पर अपराधियों ने धावा बोल दिया था.
वैशाली जिले में बेखौफ हुए अपराधी, दहशत के साये में जी रहे आम व खास
हाजीपुर : जिले में पिछले दो-तीन महीनों के दौरान अपराधी इस कदर बेखौफ हो गये हैं कि आम व खास सभी सहमे हुए से नजर आ रहे हैं. पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद आपराधिक घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं. अपराधियों के बढ़े मनोबल ने जिले में आम व खास के फर्क […]

सात-आठ हथियारबंद अपराधी गोदाम के कर्मियों को बंधक बना कर लगभग 17 लाख रुपये लूट कर भाग निकले थे. बीते सोमवार की रात भी सात-आठ अपराधियों ने फ्लिपकार्ट की को-पार्टनर इ-कार्ट कुरियर कंपनी से हथियार के बल पर लगभग 15 लाख रुपये व कुछ सामान लूट लिये थे. ये दोनों घटनाएं यह बताने के लिए काफी हैं कि पुलिस की चौकसी व गश्ती पर उनकी हिमाकत भारी पड़ रही है.
हो चुकी है मॉब लिंचिंग की घटना : बढ़ती आपराधिक घटना से लोगों में जबर्दस्त आक्रोश है. इसकी वजह से मॉब लिंचिंग की घटनाएं भी घटित होने लगी हैं और मॉब लिंचिंग के विरोध में प्रतिशोधात्मक कार्रवाई की.
बीते 19 जुलाई को सराय थाने के सुंदरनगर चौक के समीप सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र में लूटपाट करने गये तीन अपराधियों में से दो की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी थी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान पिटाई से जख्मी एक लुटेरे की मौत हो गयी थी.
अपने साथी की पिटाई व उसकी मौत से आक्रोशित पांच बदमाशों ने उसी रात सुंदरनगर चौक के समीप स्थित एक लाइन होटल के नाइट गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी थी. गार्ड की हत्या के दौरान अपराधियों ने 18 से 20 राउंड अंधाधुंध फायरिंग की थी. हालांकि इस मामले में शामिल चार बदमाशों को पुलिस ने उसी रात हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया था. हालांकि अधिकतर मामलों में अब भी पुलिस के हाथ खाली हैं.
सिरदर्द बन गये हैं टीनएजर्स व बाइकर्स गैंग
पिछले दो-तीन महीने के दौरान अपराधियों ने दो दर्जन से अधिक हत्या व लूट की छोटी-बड़ी घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को सकते में डाल दिया है. पुलिस समय-समय पर अपराधियों को गिरफ्तार कर आपराधिक घटनाओं का उद्भेदन भी कर रही है, लेकिन आपराधिक घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं.
बाइक सवार अपराधी कभी भी और कहीं भी बड़े आराम से आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर भाग निकल रहे हैं. लूट का विरोध करने पर ये गोली चलाने से परहेज नहीं करते हैं. इस गिरोह से कैसे निबटा जाये, इस पर पुलिस अधिकारी अब नये सिरे से रणनीति बनाने में लगी हुई है.
इस महीने आठ बड़ी अापराधिक घटनाएं
29 जुलाई : नगर थाने के अदलबाड़ी मोहल्ले में कुरियर कंपनी से लगभग 15 लाख की लूट
24 जुलाई : नगर थाने के हथसारगंज में पत्नी ने करायी पति की हत्या.
24 जुलाई : सहदेई ओपी के महनार स्टेशन रोड में झुरकिया के समीप बाइक लूट का विरोध करने पर युवक को मारी गोली.
23 जुलाई : गोरोल थाने के लक्ष्मीनारायणपुर गांव के समीप स्वर्ण व्यवसायी से लाखों रुपये के आभूषण की लूट.
22 जुलाई : महनार थाने के विशनपुर वार्ड नंबर एक में पत्नी ने तीन प्रेमियों से करायी पति की हत्या.
21 जुलाई : नगर थाने के हथसारगंज में घर में घुस कर प्रोपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या.
19 जुलाई : सराय थाने के सुंदरनगर चौक के समीप लाइन होटल के नाइट गार्ड की मौत.
19 जुलाई : सराय थाने के सुंदरनगर चौके समीप ग्रामीणों की पिटाई से एक की मौत, एक घायल