सहदेई बुजुर्ग : सहदेई बुजुर्ग के सलहा ममसई में हाइ वोल्टेज करेंट प्रवाहित तार टूटने की वजह से एक पिकअप वैन में आग लग गयी. करेंट का झटका लगने से एक युवक भी जख्मी हो गया. इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों काफी देर तक हंगामा मचाया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को समझा कर शांत कराया.
मिली जानकारी के अनुसार हाइ वोल्टेज करेंट प्रवाहित तार टूटकर गिरने की वजह से वासुदेव साह के दरवाजे पर खड़ी पिकअप वैन जल गयी. वहीं करेंट का झटका लगने से गोलू कुमार जख्मी हो गया.
इस घटना के बाद वहां जुटे लोगों ने इसकी सूचना बिजली कंपनी को देकर बिजली की सप्लाइ को बंद कराया. घटना से आक्रोशित लोगों ने सलहा से महनार जाने वाली सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया और कंपनी के प्रति नारेबाजी एवं प्रदर्शन करने लगे. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सलहा के वार्ड नंबर सात में पिछले चार वर्षों से घर के ऊपर से जर्जर 11 हजार वोल्ट के बिजली का तार गुजर रहा है.
जर्जर तार करे बदलने के लिए कई बार सैकड़ों ग्रामीणों ने विभाग के एसडीओ और जेइ को आवेदन भी सौंपा, लेकिन आज तक जर्जर तार को नहीं बदला गया. जर्जर तार के सहारे ही किसी तरह बिजली की सप्लाइ की जा रही है. हंगामे की सूचना मिलते ही सहदेई ओपी के पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गये.
उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया. बाद में ग्रामीण मौके पर कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंता को बुलाने एवं जर्जर तार को बदलवाने की मांग करने लगे. घंटों बीत जाने के बाद जब बिजली कंपनी का कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो ग्रामीणों ने सलहा स्थित पावर ग्रिड उपकेंद्र पर भी थोड़ी देर के लिए प्रदर्शन किया.
कंपनी पर लगाया लापरवाही का आरोप
हंगामा कर रहे ग्रामीणों ने बिजली कंपनी पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना है कि जानकारी होने के बावजूद बिजली कंपनी के अधिकारी जर्जर हो चुके तारों को बदलने के लिए कतई गंभीर नहीं हैं. लोगों ने आशंका जतायी है कि अगर जल्द ही जर्जर बिजली के तारों को नहीं बदला गया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों ने कहा कि अगर जल्द ही तारों को नहीं बदला गया तो हम लोगों को आंदोलन करने के िलए विवश होना पड़ेगा.
