महनार (वैशाली) : महनार थाना क्षेत्र के खरजम्मा कुम्हार टोली में शनिवार की सुबह एक खेत में बोरी में बंद पांच वर्षीय बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी.
मृत बच्चे की पहचान खरजम्मा निवासी संतोष राय के इकलौते पुत्र सौरभ के रूप में हुई. वह शुक्रवार की सुबह से अपने घर से लापता था. खेत से बच्चे का शव मिलने की जानकारी मिलते ही वहां बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण जुट गये. घटना की सूचना पर महनार थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गये. परिजनों की आशंका पर पुलिस ने पूछताछ के लिए पड़ोस की ही एक महिला को हिरासत में लिया है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. जानकारी के अनुसार, महनार नगर परुषद क्षेत्र के वार्ड नंबर दो के निवासी संतोष राय का पुत्र सौरभ शुक्रवार की सुबह अचानक लापता हो गया था. काफी खोजबीन के बाद जब सौरभ का कुछ पता नहीं चल सका, तो परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी. शनिवार की सुबह घर से सौ गज की दूरी पर एक खेत में बोरे में बंद उसका शव मिला.
