हाजीपुर : मीनापुर गांव में बुधवार की देर शाम बच्चों के खेलने के दौरान हुए विवाद को लेकर दो पक्षों की बीच जमकर मारपीट व पथराव में लगभग आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये.
इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहंच कर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर कर शांत कराया. नगर थाना क्षेत्र के मीनापुर गांव निवासी मो वसीर ने नगर थाने में उक्त गांव के सन्नी कुमार सहित अन्य 15 लोगों के खिलाफ नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी.
मो वसीर द्वारा दिये गये आवेदन में आरोप लगाया है कि उक्त गांव के ही सन्नी कुमार बुधवार की देर शाम दस से 15 की संख्या में मेरे घर पर आकर मेरे भाई मो. शमीम के साथ मारपीट करने लगे. भाई को के साथ मारपीट होते देख उसे बचाने आये घर के अन्य सदस्यों के साथ भी उन लोगों ने मारपीट किया. इसमें घर के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गये.
क्या था मामला
नगर थाना क्षेत्र के मीनापुर गांव में बुधवार की देर शाम बच्चों के बीच खेलने के दौरान विवाद हुआ था. जहां देर शाम विवाद काफी बढ़ गया और देखते ही देखते दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव शुरू हो गयी. जहां मारपीट व पथराव के दौरान दोनों पक्षों की ओर से आधा दर्जन लोग घायल हो गये.
इधर घटना की सूचना मिलते ही एएसपी महेंद्र कुमार बसंत्री सहित कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गयी. एसएसी महेंद्र कुमार बसंत्री ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत किया और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. इधर गांव में दोनों पक्षों में तनाव को देखते हुए पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है.
