मुआवजे की मांग को लेकर जताया आक्रोश
तीन घंटे के बाद जाम को हटाया गया
राजापाकर : गोरौल थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन के दिन महिला की सड़क हादसे में हुई मौत के बाद बिलंदपुर गांव में शव पहुंचते ही कोहराम मच गया. सोमवार को सुबह नौ बजे आक्रोशित लोगों ने हाजीपुर-महुआ मुख्यमार्ग को रानी पोखर चौक पर शव रखकर जाम कर दिया. जाम के कारण आवागमन ठप हो गयी. दोनों तरफ से गाड़ियों की लंबी कतारें लग गयी. मृतका के परिजन मुआवजे की मांग कर रहे थे. घटना की सूचना पर महुआ पुलिस जाम स्थल पर पहुंची व स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गयी.
जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व रविवार को रक्षाबंधन त्योहार के दिन बिलंदपुर निवासी 35 वर्षीय सहोदरी देवी अपने पति के साथ बाइक पर बैठकर गोरौल थाना क्षेत्र के पोझा में भाई को राखी बांधने जा रही थी. जाने के दौरान ही पोझा में एक बेलगाम ट्रैक्टर ने महिला को मार डाला. बताया जाता है कि ट्रैक्टर ने बाइक में जबरदस्त धक्का मार दिया. जिससे महिला सड़क पर गिर गयी और ट्रैक्टर के चपेट में आ गयी. महिला के सिर में गहरी चोट लगी थी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. लोगों ने अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी. ट्रैक्टर में ट्रॉली लगा हुआ था. वहीं गंभीर रूप से घायल पति को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों ने गंभीरावस्था को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया था. महिला सभी बहनों यह सबसे बड़ी बहन थी. मृतक के दो पुत्र है. एक की शादी हाल फिलहाल में होने वाली ही थी.
परिजनों ने चार लाख मुआवजे की मांग की
वहीं सूचना मिलने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे. मृतक के आश्रित को पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत 20 हजार का चेक दिया, लेकिन परिजनों ने चेक देने से लेने से इन्कार कर दिया. परिजन आपदा कोष से चार लाख रुपये देने की मांग करने लगे. स्थानीय मुखिया पति धीरेंद्र मिश्रा, पंकज राय, प्रमुख पति नथुनी सिंह, उप प्रमुख पति रमेश सिंह, उप मुखिया मुन्ना सिंह, पूर्व सरपंच रमेश सिंह आदि लोगों ने परिजनों को काफी समझाया बुझाया.
वहीं सीओ जय प्रकाश मिश्रा व बीडीओ राजीव कुमार रंजन ने आश्वासन दिया कि मृतक के परिजन को चार लाख का चेक दिया जायेगा. तब जाकर आक्रोशित लोग माने और जाम हटाया. लगभग तीन घंटे बाद 12 बजे जाम हटी. तब जाकर उक्त मार्ग पर वाहनों का परिचालन शुरू हो सका. मालूम हो कि सत्य नारायण साह की पत्नी सहोदरी देवी लगुराव बिलनपुर पंचायत के वार्ड नंबर तीन की वार्ड सदस्य भी थीं.
