दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
सराय/भगवानपुर : सराय थाना क्षेत्र के तेलिया गांव में मंगलवार की सुबह एक युवती के अपहरण के मामले को लेकर दो पक्षों की बीच जमकर मारपीट हुई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया की लड़की पक्ष के लोगों ने लड़का पक्ष के घर पहुंचकर जमकर मारपीट, तोड़फोड़ व हंगामा किया. मारपीट के दौरान दोनों पक्षों से दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. इधर घटना की सूचना मिलते ही सराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने में जुट गयी. माहौल को भांपते हुए लड़का पक्ष के सभी सदस्यों ने घर का दरवाजा बंद कर दिया, मगर लड़की पक्ष के लोग पुलिस के सामने ही बंद दरवाजे की तोड़फोड़ करने लगे.
सराय थाने की पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना की सूचना वरीय अधिकारी को दी. दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए घटना स्थल पर सराय थाने के अलावा सदर थाना और भगवानपुर थाने की पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने में जुट गयी. पुलिस के काफी मशक्कद के बाद लड़की पक्ष के लोगों को समझाकर घटन स्थल से हटाया. दोनों पक्षों के कुछ लोगों को समझा-बुझाकर आपसी समझौता कराने को लेकर सराय थाने पर बुलाया गया. बीडीओ की अध्यक्षता में थाने पर घंटों दोनों पक्षों के साथ बैठक हुई. बैठक में दोनों पक्षों के बीच जल्द से जल्द लड़की को बरामद कराने की बात पर समझौता कराकर दोनों पक्षों के बीच शांति बनाए रखने की अपील की गयी .
थाने में लड़की पक्ष ने करायी प्राथमिकी दर्ज : सराय थाने के मंसूरपुर गांव निवासी हरिदयाल राय ने सराय थाने में अपनी पुत्री के अपहरण का मामला दर्ज कराया है. आवेदन में बताया कि मेरी पुत्री घर से कोचिंग जाने के लिए निकली थी. इसी दौरान बगल के ही तेलिया सराय गांव निवासी सुनील रजक के पुत्र आकाश कुमार ने बहला-फुसलाकर उनकी पुत्री का अपहरण कर लिया. दर्ज प्राथमिकी में श्री राय ने बताया कि जब आकाश के घर पहुंचकर उसके पिता से पुत्र द्वारा लड़की को अपहरण करने की बात कही तो पिता सुनील रजक, चाचा अनिल रजक सहित अन्य परिजनों ने दरवाजे से भाग जाने की बात कहते हुए एससी-एसटी एक्ट के तहत फंसा देने की बात कही.
दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल :
इधर थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद भी दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों से शांति की अपील की है. साथ ही दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है.
क्या कहते हैं अधिकारी
युवती के अपहरण के मामले को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाया. युवती की बरामदगी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है. दोनों पक्षों को शांति बनाये रखने की अपील की गयी है.
रमण कुमार,थानाध्यक्ष, सराय
दोनों पक्षों में थाना परिसर में समझौता वार्ता करायी गयी है. लड़का पक्ष को लड़की की बरामदगी में सहयोग करने की अपील की गयी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी स्थिति पर पैनी नजर रख रही है.
-राधारमण मुरारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी
बिदुपुर में करेंट से बिजली मिस्त्री झुलसा
बोले विद्युत अभियंता
बिजली की समस्या को लेकर सरकारी मिस्त्री पावर हाउस से लाइन शटडाउन को लेकर निजी मिस्त्री से मदद ले रहा था. इसी दौरान मिस्त्री की लापरवाही से बिजली का झटका लगा और निजी मिस्त्री झुलस गया, जो खतरे से बाहर बताया गया है.
-सुधांशु भूषण, विद्युत कनीय अभियंता बिदुपुर
करेंट से बच्ची की मौत
जंदाहा. थाना क्षेत्र के डीह बुचौली गांव में बिजली के करेंट से एक बालिका की मृत्यु हो गयी है. घटना के संबंध में बताया गया है कि उक्त गांव के देव कुमार सहनी की सात वर्षीया पुत्री संगम कुमारी पानी लेने के लिए मोटर स्टार्ट करने गयी थी, जहां मोटर के स्विच में विद्युत प्रवाहित होने के कारण वह उसके चपेट में आ गयी. काफी देर बाद परिजनों की नजर उस पर पड़ी, तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी.
आनन-फानन में परिजनों ने इलाज के लिए जंदाहा स्थित एक निजी अस्पताल में लाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं इस संबंध में विद्युत कनीय अभियंता जंदाहा से पूछने पर बताया कि उन्हें इसकी सूचना नहीं मिली है.
