Bhojpuri Bawaal: तेज प्रताप यादव इन दिनों राजनीति से अलग एक नए अंदाज में नजर आ रहे हैं. वह एंटरटेनमेंट शो ‘भोजपुरी बवाल’ में दिखाई दे रहे हैं. शो के अपकमिंग एपिसोड में बॉलीवुड एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत स्पेशल गेस्ट के तौर पर पहुंची हैं.
शो के सामने आए प्रोमो में तेज प्रताप और मल्लिका के बीच खूब हंसी-मजाक देखने को मिल रहा है. कभी मल्लिका तेज प्रताप को छेड़ती नजर आती हैं, तो कभी तेज प्रताप उनकी तारीफ करते दिखते हैं. दोनों की बातचीत के कई वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं.
मल्लिका ने पूछा- कैसी लग रही हूं? तेज प्रताप ने दिया ये जवाब
शो के एक प्रोमो में तेज प्रताप और मल्लिका एक कैफे में बैठे नजर आते हैं. इसी दौरान मल्लिका मजाकिया अंदाज में तेज प्रताप से शिकायत करती हैं. मल्लिका कहती हैं, ‘तेज जी, हम बिहार मिलने आए और आपने अभी तक हमें एक भी कॉम्प्लिमेंट नहीं दिया.’
इसके बाद वह तेज प्रताप से पूछती हैं, ‘कैसी लग रही हूं मैं?’
जवाब में तेज प्रताप कहते हैं, ‘हॉट और सेक्सी लग रही हैं.’
मल्लिका इसके बाद पूछती हैं, ‘और ब्यूटीफुल...?’
तेज प्रताप जवाब देते हैं, ‘ब्यूटीफुल तो हैं ही आप.’
इस बातचीत के दौरान दोनों के बीच मजाकिया अंदाज साफ नजर आता है.
मल्लिका ने पूछा- ‘मर्डर’ कितनी बार देखी?
प्रोमो में मल्लिका तेज प्रताप से अपनी फिल्म ‘मर्डर’ को लेकर भी सवाल करती हैं.
वह पूछती हैं, ‘आपने मेरी फिल्म मर्डर नहीं देखी क्या?’
तेज प्रताप कहते हैं, ‘मर्डर... हां, देखी थी मैंने.’
मल्लिका फिर पूछती हैं, ‘कितनी बार देखी थी?’
इस पर तेज प्रताप कहते हैं, ‘बहुत बार देखी थी.’
इसके बाद तेज प्रताप शर्माते हुए नजर आते हैं और मल्लिका भी इस अंदाज का मजा लेती दिखाई देती हैं.
मल्लिका के लिए तेज प्रताप ने बजाई बांसुरी
इसी दौरान मल्लिका तेज प्रताप से बांसुरी बजाने की रिक्वेस्ट करती हैं. तेज प्रताप भी उनकी बात मान लेते हैं और मल्लिका के लिए बांसुरी बजाते हैं.
शो का यह पूरा सेगमेंट काफी हल्के-फुल्के और मजेदार अंदाज में दिखाई देता है.
तेज प्रताप ने मल्लिका को पिलाया सत्तू का शरबत
‘भोजपुरी बवाल’ के एक अन्य प्रोमो में तेज प्रताप यादव मल्लिका के लिए सत्तू का शरबत बनाते दिखाई देते हैं. मल्लिका इसमें इस्तेमाल होने वाली चीजों को गिनाते हुए कहती हैं, ‘नमक आ गया है, नींबू आ गया है.’
इसके बाद तेज प्रताप सत्तू बनाने का तरीका बताते हैं. वह पानी में नींबू, नमक और सत्तू डालकर उसे अच्छी तरह मिलाते हैं. फिर दोनों गिलास टकराते हुए कहते हैं, ‘चीयर्स टू न्यू फ्रेंडशिप.’ सत्तू पीने के बाद मल्लिका कहती हैं, ‘मजा आ गया.’ इसके बाद तेज प्रताप उन्हें सत्तू का एक डिब्बा भी गिफ्ट करते हैं.
मल्लिका ने कहा- ‘बिहार की सारी लड़कियां लट्टू हो जाएंगी’
एक प्रोमो में मल्लिका तेज प्रताप को सूट पहनने के लिए कहती हैं. जब तेज प्रताप तैयार होकर वापस आते हैं तो मल्लिका उनकी तारीफ करती हैं.
वह कहती हैं कि ‘आप पर तो बिहार की सारी लड़कियां लट्टू हो जाएंगी.’
इस पर तेज प्रताप मल्लिका से ही पूछ लेते हैं, ‘आप लट्टू हैं क्या?’
दोनों के बीच यह बातचीत भी काफी मजेदार अंदाज में दिखाई देती है.
हथेली देखकर मल्लिका का भविष्य बताने लगे तेज प्रताप
शो में तेज प्रताप मल्लिका की हथेली देखकर उनका भविष्य बताते भी नजर आते हैं.
वह मल्लिका के हाथ की रेखाएं देखते हुए कहते हैं, ‘आपका भविष्य बहुत उज्जवल है, लेकिन आप खर्चा नहीं टिका पाती हैं.’
मल्लिका उनकी बात से सहमत होते हुए कहती हैं, ‘ये तो आपने बिल्कुल सही कहा.’
तेज प्रताप आगे कहते हैं, ‘कई लोग आपका दिल तोड़ते हैं.’
इस पर मल्लिका भी उनकी बात से सहमत नजर आती हैं.
दोनों की राशि भी निकली एक
भविष्यवाणी के दौरान तेज प्रताप मल्लिका से उनकी राशि पूछते हैं. मल्लिका बताती हैं कि उनकी राशि तुला है. तेज प्रताप कहते हैं, ‘मेरी राशि भी तुला है.’
दोनों इस संयोग पर हाथ मिलाकर खुशी जाहिर करते हैं. इसके बाद मल्लिका पूछती हैं कि उन्हें कौन सा रत्न पहनना चाहिए. तेज प्रताप अपनी अंगूठी दिखाते हुए उन्हें पुखराज पहनने की सलाह देते हैं. वह कहते हैं कि पुखराज पहनने से उनका सूर्य तेज होगा, यानी वह प्रभावशाली हो सकती हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
मल्लिका ने छेड़ा तो ब्लश करने लगे तेज प्रताप
तेज प्रताप की बात पर मल्लिका भी मजाकिया अंदाज में उन्हें छेड़ती हैं. वह कहती हैं, ‘और कितना तेज चाहिए... तेज जी?’ मल्लिका की इस बात पर तेज प्रताप हंसते हुए ब्लश करते नजर आते हैं.
साथ में वर्कआउट भी करते दिखे दोनों
शो के एक अन्य प्रोमो में तेज प्रताप और मल्लिका साथ में वर्कआउट करते दिखाई देते हैं. मल्लिका उन्हें अलग-अलग एक्सरसाइज और पोज कराती हैं. तेज प्रताप भी उनकी नकल करने की कोशिश करते हैं. हालांकि, कुछ एक्रोबेटिक मूव्स उनके लिए मुश्किल नजर आते हैं. वर्कआउट के दौरान तेज प्रताप कहते हैं, ‘एकदम, ई तो बहुत हार्ड है.’
‘तोहार मुस्कुराहट बड़ा लाजवाब बा’
वर्कआउट के दौरान मल्लिका तेज प्रताप की मसल्स की तारीफ करती हैं. इसके बाद वह हरियाणवी अंदाज में उनकी मुस्कान की तारीफ करते हुए कहती हैं, ‘थारी स्माइल ने तो कमाल कर दिया.’
जवाब में तेज प्रताप भी भोजपुरी अंदाज में मल्लिका की मुस्कान की तारीफ करते हैं. वह कहते हैं, ‘तोहार मुस्कुराहट बड़ा लाजवाब बा, मल्लिका जी.’
प्रोमो के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा
‘भोजपुरी बवाल’ के प्रोमो सामने आने के बाद तेज प्रताप यादव और मल्लिका शेरावत की बातचीत चर्चा में है. प्रोमो में दोनों के बीच मजेदार बातचीत, छेड़छाड़ और देसी अंदाज देखने को मिल रहा है.
शो के अपकमिंग एपिसोड में दोनों की यह केमिस्ट्री दर्शकों को कितना पसंद आती है, यह एपिसोड रिलीज होने के बाद ही साफ होगा.
