तेज प्रताप का आरोप- मोतीलाल राय फिर कर रहा पैसे और सामान की डिमांड, पूर्व PA का नंबर शेयर कर लोगों को किया अलर्ट

Tej Pratap Yadav: तेज प्रताप यादव ने अपने पूर्व निजी सहायक मोतीलाल राय को लेकर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि मोतीलाल राय पार्टी पदाधिकारियों और उनसे जुड़े लोगों को फोन कर पैसे और सामान मांग रहा है. तेज प्रताप ने लोगों से ऐसे फोन कॉल से सावधान रहने की अपील की है.

Tej Pratap Yadav: जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो तेज प्रताप यादव ने अपने पूर्व PA मोतीलाल राय को लेकर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए हैं. तेज प्रताप ने कहा है कि मोतीलाल राय अब पार्टी के पदाधिकारियों और उनसे जुड़े लोगों को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर पैसे और सामान की मांग कर रहा है.

तेज प्रताप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर पार्टी नेताओं और आम लोगों को सावधान रहने की अपील की है. उन्होंने एक मोबाइल नंबर भी शेयर किया है, जिससे कथित तौर पर फोन किए जाने की बात कही गई है.

तेज प्रताप ने क्या कहा?

तेज प्रताप यादव ने अपने पोस्ट में दावा किया कि मोतीलाल राय पार्टी से निष्कासित किए जा चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मोतीलाल राय करीब 20 लाख रुपये, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और मोबाइल फोन लेकर फरार है.

तेज प्रताप के मुताबिक, पार्टी से मिली जानकारी और पहले की शिकायतों के आधार पर यह बात सामने आई है. उन्होंने यह भी दावा किया कि इसी रकम से मोतीलाल राय और उसके परिवार के खर्च चलाए जा रहे हैं. हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

नए-नए नंबरों से फोन करने का दावा

तेज प्रताप ने कहा कि मोतीलाल राय के खिलाफ पटना के सचिवालय थाने में चोरी से संबंधित प्राथमिकी पहले ही दर्ज है. इसके बावजूद वह दोबारा एक्टिव हो गया है.

तेज प्रताप का दावा है कि मोतीलाल राय अलग-अलग नए मोबाइल नंबरों से पार्टी पदाधिकारियों और उनसे जुड़े लोगों को फोन कर रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि फोन पर पैसे और सामान की मांग की जा रही है. तेज प्रताप ने अपने पोस्ट में एक मोबाइल नंबर का भी जिक्र किया है और पार्टी कार्यकर्ताओं से ऐसे किसी भी फोन पर भरोसा नहीं करने को कहा है.

स्कूटी मांगने का भी लगाया आरोप

तेज प्रताप ने एक अन्य आरोप भी लगाया है. उन्होंने कहा कि पार्टी से जुड़े फराज अहमद, जो स्कूटी कंपनी के मालिक हैं, उनसे भी मोतीलाल राय द्वारा स्कूटी की मांग किए जाने की जानकारी मिली है.

तेज प्रताप ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे किसी अनजान नंबर से आए ऐसे फोन पर विश्वास न करें. उन्होंने पैसे या कोई सामान देने से बचने और किसी भी तरह का लेन-देन नहीं करने की सलाह दी है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

पहले भी लगा चुके हैं चोरी का आरोप

यह पहली बार नहीं है जब तेज प्रताप यादव ने मोतीलाल राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं. इससे पहले जून में उन्होंने अपने पूर्व निजी सहायक पर चोरी का आरोप लगाया था.

तेज प्रताप के मुताबिक, उनके आवास से पार्टी फंड के करीब 20 लाख रुपये, चार आईफोन, आईपैड, मैकबुक और जेवर समेत कई सामान गायब हुए थे. उन्होंने दावा किया था कि मोतीलाल राय इन सामानों और पैसों को लेकर फरार हो गया.

इस मामले में तेज प्रताप की ओर से पटना के सचिवालय थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी. शिकायत के बाद पुलिस ने उनके आवास पर पहुंचकर मामले की जांच की थी.

तेज प्रताप ने लोगों से की सावधान रहने की अपील

नए आरोपों के बाद तेज प्रताप ने एक बार फिर अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क किया है. उन्होंने साफ कहा है कि मोतीलाल राय की ओर से आने वाले किसी भी फोन पर भरोसा न करें और किसी तरह का पैसा या सामान न दें.

फिलहाल तेज प्रताप की ओर से लगाए गए इन आरोपों पर मोतीलाल राय का पक्ष सामने नहीं आया है.

Also Read: बिहार में अक्टूबर से फिल्म शूट करेंगे सुनील शेट्टी, 60 दिन चलेगी शूटिंग, बोले- बिहार-यूपी में फिल्म चल जाए तो सुपरहिट



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >