करजाईन करजाईन थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया उप शाखा नहर पुल पर बायसी पंचायत के वार्ड नंबर 07 में गुरुवार की रात्रि में एक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक चालक ने युवक को पीछे से ठोकर मार दी. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल सिमराही में भर्ती कराया. जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. इधर घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया. जानकारी अनुसार करजाईन थाना क्षेत्र के बायसी पंचायत वार्ड नंबर 07 निवासी बद्रीनारायण दास का पुत्र धर्मेंद्र दास (34) घर से किसी काम को लेकर गम्हरिया उप शाखा नहर के पुलिया के साइड में खड़ा था. पश्चिम दिशा से एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे पीछे से जोरदार ठोकर मार दिया. जिससे धर्मेंद्र दास जख्मी होकर रोड पर ही गिर गया. ठोकर की आवाज सुनकर लोग वहां पहुंचे और आनन-फानन में घायल को सिमराही रेफरल अस्पताल में भर्ती करवाया गया. जहां इलाज के दौरान ही गुरुवार की देर रात में उसकी मौत हो गई. वहीं अज्ञात बाइक चालक का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है. इस मामले में थानाध्यक्ष लालजी प्रसाद ने बताया कि जानकारी मिली है. लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया गया है. आवेदन अनुसार जांच पड़ताल की जा रही है. घटना के बाद घर में परिजनों का रो -रोकर बुरा हाल है. मृतक धर्मेंद्र दास अपने पीछे पत्नी जुली कुमारी (29), दो बेटी पूजा कुमारी (3 वर्ष) एवं पायल कुमारी (2 वर्ष) को छोड़कर इस दुनिया से चले गए. पत्नी जुली कुमारी मौत की खबर सुन कर गहरे सदमें में है. वहीं इस खबर से परिजन सहित ग्रामीणों में शोक की लहर है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
