सात निश्चय फेज-3 के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के लक्ष्य को धरातल पर उतारने की दिशा में बिहार में विद्यार्थी सहयोग शिविर की शुरुआत की गयी है. इसी क्रम में मंगलवार को वीरपुर के ललित नारायण अनुमंडलीय अस्पताल परिसर स्थित एएनएम स्कूल में विद्यार्थी सहयोग शिविर का उद्घाटन किया गया. एसडीएम विनय कुमार और एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से शिविर का शुभारंभ किया. इस दौरान अधिकारियों ने छात्राओं को अपनी समस्याएं बेहिचक बताने और उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया.
हर महीने चौथे मंगलवार को लगेगा शिविर
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखने के लिए मंच उपलब्ध कराना है.
शिविर के उद्घाटन के मौके पर एएनएम स्कूल के प्राचार्य राहुल कुमार ने एसडीएम विनय कुमार का बुके देकर स्वागत किया. वहीं अस्पताल प्रबंधक ने एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार का स्वागत किया.
81 छात्राओं से एसडीएम ने कहा- बेहिचक बताएं समस्या
एएनएम स्कूल की प्रथम वर्ष की 47 और द्वितीय वर्ष की 34 छात्राओं समेत कुल 81 छात्राओं को संबोधित करते हुए एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि आज से पूरे बिहार में विद्यार्थियों के लिए सहयोग शिविर की शुरुआत की गयी है.
उन्होंने छात्राओं से कहा कि उन्हें किसी भी तरह की समस्या हो तो वे बेहिचक अधिकारियों को बताएं या सहयोग पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराएं. एसडीएम ने कहा कि विद्यार्थियों की ओर से प्राप्त समस्याओं का त्वरित समाधान करने का प्रयास किया जाएगा और संभव हुआ तो शिकायतों का निष्पादन तीन दिनों के भीतर कर दिया जाएगा.
एसडीपीओ ने साझा किया मोबाइल नंबर
एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने भी छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन हमेशा उनके साथ है. उन्होंने छात्राओं के साथ अपना मोबाइल नंबर साझा करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे संपर्क कर सकती हैं.
अधिकारियों के इस भरोसे के बाद छात्राओं ने भी अपनी समस्याएं खुलकर उनके समक्ष रखने की पहल की.
छात्राओं ने अधिकारियों को सौंपा शिकायत पत्र
कार्यक्रम के बाद छात्राओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित एक संयुक्त शिकायत पत्र एसडीएम और एसडीपीओ को सौंपा. शिकायत पत्र प्राप्त करने के बाद दोनों अधिकारियों ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का अविलंब समाधान कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
कार्यक्रम के दौरान जीएनएम वर्षा कुमारी, मूल्यांकन सहायक रवि कुमार चौधरी समेत एएनएम स्कूल की छात्राएं और अन्य कर्मी मौजूद रहे. विद्यार्थी सहयोग शिविर शुरू होने से छात्राओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन तक सीधे पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा.
