Vaishali Express News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब तस्करी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं. इस बार तस्करों ने ट्रेन को माध्यम बनाया, लेकिन सुपौल रेलवे स्टेशन पर उनकी योजना विफल हो गई. उत्पाद एवं मद्यनिषेध विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने वैशाली एक्सप्रेस में छापेमारी कर 219.750 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद की है. कार्रवाई के दौरान दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.
अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई. फिलहाल गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था.
गुप्त सूचना के बाद सुपौल स्टेशन पर चला सघन जांच अभियान
उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया. ललितग्राम से सहरसा जा रही वैशाली एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15566) के सुपौल रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उत्पाद विभाग और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बी-04 और बी-05 कोच की गहन तलाशी ली.
जांच के दौरान सीटों के नीचे संदिग्ध अवस्था में रखे गए 9 बोरे और 3 पीठू बैग मिले. जब टीम ने इन्हें खोलकर देखा तो उनमें बड़ी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर रखी हुई थी.
Vaishali Express News: 219.750 लीटर शराब और बीयर जब्त
तलाशी के दौरान कुल 209.250 लीटर विदेशी शराब और 10.500 लीटर बीयर बरामद हुई. इस तरह कुल 219.750 लीटर शराब और बीयर जब्त की गई.
उत्पाद विभाग ने मौके से दो लोगों को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार किया. दोनों पर बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपित सहरसा के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अभिनाश कुमार चौधरी उर्फ फेंटा, निवासी कृष्णानगर वार्ड संख्या 22/37, थाना कहरा, जिला सहरसा तथा बिनीत कुमार, निवासी वार्ड संख्या 10, थाना कहरा, जिला सहरसा के रूप में हुई है.
अधिकारियों का कहना है कि दोनों से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी के नेटवर्क, आपूर्ति श्रृंखला और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.
रेलवे मार्ग से तस्करी पर विभाग की पैनी नजर
उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिले में लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि रेलवे मार्ग से शराब की तस्करी करने वालों पर विभाग की विशेष नजर है और ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी.
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में इसी तरह जांच अभियान जारी रहेगा ताकि अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.
कई अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
इस संयुक्त अभियान में मद्यनिषेध निरीक्षक प्रभुनाथ सिंह, संजय प्रियदर्शी और कुश कुमार, अवर निरीक्षक विष्णुदेव यादव और विशाल कुमार, मद्यनिषेध सिपाही अभिषेक कुमार तथा सहरसा ग्रुप सेंटर के जवान शामिल रहे.
वहीं आरपीएफ सहरसा के निरीक्षक धनंजय कुमार सहित आरपीएफ सहरसा और सुपौल की टीम ने भी अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
