दो बाइकों की टक्कर में दो लोगों की मौत

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बलुआ बाजार. भीमपुर थाना क्षेत्र के बलुआ बाजार वार्ड संख्या 04 स्थित मिल चौक के समीप वीरपुर-उदाकिशुनगंज एसएच 91 मुख्य मार्ग पर शनिवार की देर शाम हुए सड़क हादसे में दो बाइक सवारों की दर्दनाक मौत हो गयी. घटना के बाद दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गयी है. पहले मृतक की पहचान ठूठी पंचायत के चापिन वार्ड संख्या 06 निवासी सुभाष राय (40 वर्ष), पिता झोली राय के रूप में हुई है. वहीं दूसरे मृतक की पहचान जीवछपुर पंचायत के बेलागंज वार्ड संख्या 15 निवासी अजय कुमार, पिता बद्री साह के रूप में की गयी है. जानकारी के अनुसार, सुभाष राय अपनी पत्नी (आशा कार्यकर्ता) को लेने छातापुर अस्पताल जा रहे थे. इसी दौरान अजय कुमार, जो भीमपुर चौक पर सब्जी की दुकान चलाते थे, सामान लेने के लिए निकले थे. मिल चौक पर एक अज्ञात वाहन के अचानक साइड लेने से दोनों बाइकों में टक्कर हो गयी. बताया जाता है कि इसके बाद उस अज्ञात वाहन ने आगे से एक बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर में सुभाष राय की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं अजय कुमार को परिजन इलाज के लिए बाहर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर भीमपुर पुलिस पहुंची और दोनों बाइकों को जब्त कर थाने ले आयी. रविवार सुबह पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल सुभाष राय के घर शव पहुंचते ही कोहराम मच गया. पत्नी, बेटे और बहू का रो-रोकर बुरा हाल था. मृतक के परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी है. इनमें बड़ा बेटा और बेटी शादीशुदा हैं. मृतक की पत्नी आशा कार्यकर्ता हैं. वहीं अजय कुमार के घर भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. बोले थानाध्यक्ष इस संबंध में भीमपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पांडेय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दोनों व्यक्तियों की मौत हुई है. एक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे की इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में जान चली गई. दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. अभी तक किसी परिजन की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >