सुपौल : जिले में अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुपौल पुलिस ने दो युवकों को एक देसी पिस्टल, मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है. सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन ने इसकी जानकारी दी.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
डीएसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने खरैल कर्णपुर चौक, वार्ड संख्या-10 के समीप घेराबंदी कर छापेमारी की और दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया.
पिस्टल, कारतूस और मोबाइल बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कर्णपुर वार्ड संख्या-04 निवासी सुनील कुमार तथा खरैल कर्णपुर वार्ड संख्या-10 निवासी आस्तिक कुमार के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए.
आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
बरामदगी के आधार पर सुपौल थाना कांड संख्या 464/2026 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए एवं 26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
आपराधिक नेटवर्क की भी हो रही जांच
डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि गिरफ्तार सुनील कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. उसके खिलाफ नई दिल्ली के हौजखास थाना में वर्ष 2023 का एक मामला दर्ज है. पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और संभावित साथियों की भी जांच कर रही है.
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से लाया गया और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था.
यह भी पढ़ें : राजस्व कार्यों में लापरवाही पर डीएम सख्त, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
