पीठासीन पदाधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न

चुनाव में सभी मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है

सुपौल. बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल संचालन के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सावन कुमार के निर्देशानुसार शुक्रवार को सुपौल उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुपौल एवं बबुजन विश्वेश्वर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में दो पाॅलियों में जिला स्तरीय प्रथम प्रशिक्षण का तीसरा दिन आयोजित किया गया. प्रशिक्षण कार्यक्रम में पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम मतदान पदाधिकारी एवं द्वितीय मतदान पदाधिकारी को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता वरीय पदाधिकारी (प्रशिक्षण कोषांग) सह उप विकास आयुक्त सारा अशरफ ने की. उन्होंने पीठासीन पदाधिकारियों को उनके कार्य एवं दायित्वों की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार के चुनाव में सभी मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है. उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान समाप्ति के बाद पीठासीन पदाधिकारी इवीएम सेट के साथ 17 सी प्रपत्र को सही ढंग से भरकर जमा करें, तथा उपस्थित मतदान अभिकर्ताओं से रसीद प्राप्त करना अनिवार्य है. साथ ही सभी पीठासीन पदाधिकारियों को वीटीआर मोबाइल ऐप डाउनलोड कर प्रत्येक दो घंटे पर रिपोर्ट दर्ज करना होगा. डीडीसी सारा अशरफ ने स्पष्ट किया कि वोटिंग कम्पार्टमेंट में एक समय में एक ही मतदाता रहना चाहिए ताकि मतदान की गोपनीयता बनी रहे. नोडल पदाधिकारी (प्रशिक्षण कोषांग) सह जिला पंचायत राज पदाधिकारी गयानंद यादव ने प्रथम मतदान पदाधिकारियों को प्रशिक्षण देते हुए कहा कि वे निर्वाचक नामावली की चिन्हित प्रति के प्रभारी होंगे और मतदाताओं की पहचान ईपिक या अन्य फोटोयुक्त दस्तावेजों से सुनिश्चित करेंगे. उन्होंने निर्देश दिया कि महिला मतदाताओं के क्रमांक को लाल कलम से गोल घेरा जाए और प्रत्येक मतदाता के नाम पर लाल कलम से तिरछी रेखा खींची जाए. नोडल मास्टर प्रशिक्षक अंजनी कुमार ने पीठासीन पदाधिकारियों को इवीएम संचालन, पीठासीन अधिकारी प्रतिवेदन, घोषणा, डायरी, तथा 17 सी प्रपत्र भरने की विस्तृत जानकारी दी. साथ ही मॉक पोल प्रक्रिया, संविक्षा लिफाफा, सांविधिक एवं असांविधिक लिफाफे तैयार करने की विधि भी बताई गई. नोडल मास्टर प्रशिक्षक अमित कुमार ने द्वितीय मतदान पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया. उन्होंने बताया कि द्वितीय मतदान पदाधिकारी मतदाता रजिस्टर (17 ए) तथा अमिट स्याही के प्रभारी होंगे. वे मतदाताओं की पहचान से संबंधित जानकारी, हस्ताक्षर या अंगूठे के निशान, तथा आवश्यक टिप्पणियां रजिस्टर में अंकित करेंगे. प्रशिक्षण के सफल संचालन हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सावन कुमार के निर्देशानुसार संग्राम सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी को सुपौल उच्च माध्यमिक विद्यालय सुपौल का प्रभारी पदाधिकारी तथा राजू कुमार, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, निर्मली को बबुजन विश्वेश्वर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय का प्रभारी पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >