राघोपुर. महाशिवरात्रि पर्व को लेकर राघोपुर थाना परिसर में रविवार को शांति समिति की बैठक की गई. जिसकी अध्यक्षता एसडीएम नीरज कुमार, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, बीडीओ राघोपुर ओम प्रकाश व थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने संयुक्त रूप से किया. बैठक के दौरान थाना क्षेत्र अंतर्गत सभी शिव मंदिर कमेटी सदस्यों से बारात निकालने के दौरान प्रयोग की जाने वाली रूट चार्ट व मौजूद रहने वाले लोगों की संख्या का विस्तृत जानकारी लिया. बैठक को संबोधित करते एसडीएम नीरज कुमार ने कहा कि सभी पूजा समिति इस बात का ध्यान रखें कि महाशिवरात्रि पर्व के मौके पर पूजा या बारात निकालने के दौरान किसी प्रकार की हुड़दंगबाजी नहीं हो. कहा कि आज कल देखा जा रहा है कि कुछ युवा बाइक से हुड़दंगबाजी करते रहते हैं, इसलिए इस बात का विशेष ख्याल रखा जाय कि पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाय. कहा कि इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी बारात के साथ मौजूद रहेंगे. आपलोगों से आग्रह है कि शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाएं. बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने कहा कि बिना लाइसेंस के कोई भी जुलूस नहीं निकाला जाय, इसका विशेष ध्यान रखेंगे. समय का ध्यान रखें, अबीर गुलाल लगाते समय ध्यान रखें कि इससे किसी को परेशानी नहीं हो. इस दौरान उन्होंने मुख्यालय से जारी गाइडलाइंस से भी सभी को अवगत कराते हुए उसके पालन हेतु आग्रह किया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूर्व की भांति इस बार भी डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. बीडीओ ओम प्रकाश व थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने भी लोगों से शांतिपूर्ण तरीके तथा हर्षोल्लास के माहौल में पर्व मनाने की अपील की. कहा कि जिन्होंने भी अभी तक लाइसेंस प्राप्त नहीं किया है, वे लोग जल्द से जल्द लाइसेंस प्राप्त कर लें. बैठक के दौरान मौजूद क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी अपनी बातों को अधिकारियों के समक्ष रखा और पूजा के दौरान विधि व्यवस्था संचालन में संपूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया. मौके पर बैद्यनाथ भगत, कमल प्रसाद यादव, महेंद्र प्रसाद गुप्ता, चंदू दास, संजीव यादव, जमील अनवर, नूर आलम, राधा देवी, अभिनंदन दास, मो अकरम, संत अमरजीत, गुड्डू गुप्ता, किशोर दास, विपीन साह, सुभाष यादव, भूपेंद्र यादव, मित्तन यादव सहित अन्य मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
