– सड़क निर्माण की मांग को लेकर बीडीओ को सौंपा मांग पत्र छातापुर. मुख्यालय पंचायत वार्ड संख्या 17 स्थित मर्राही टोलावासी दशकों से एक पक्की सड़क के इंतजार में हैं. टोला को मुख्यालय से जोडने वाली सड़क नहीं रहने के कारण सैकड़ों की आबादी को आवागमन के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. टोला वासी नरेश बहरखेर, राकेश मंगरदैता, सुरेश मंगरदैता व युवा समाजसेवी सुभाष कुमार यादव शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय पहुंचे और बीडीओ को मांगपत्र समर्पित किया. समस्या से अवगत होने के बाद बीडीओ ने जल्द ही सड़क निर्माण कराने का भरोसा दिलाया. साथ ही उन्होंने सड़क निर्माण के संबंध में मुखिया प्रतिनिधि से बात भी की. आवेदन में बताया गया है कि आजादी के सात दशक बीत जाने के बाद भी टोला वासी सुलभ आवागमन के लिए तरस रहे हैं. टोला पर जाने के लिए कच्ची सड़क अवस्थित है जो कि टोला से बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता है. खासकर बरसात के समय में यह कच्ची सड़क कीचड़ व गड्ढे में तब्दील हो जाती है. कीचड़मय सड़क से किसी बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाने के लिए खटिया का सहारा लेना पड़ता है. नरेश बहरखेर ने बताया कि नहर सड़क से टोला जाने के लिए रास्ते के लिए भूदाताओं ने अपनी निजी जमीन दान की है. उक्त रास्ते पर टोलावासी आवागमन भी करते आ रहे हैं. बीडीओ को आवेदन के साथ भूस्वामियों का स्टांप पेपर पर हस्ताक्षरित सहमति पत्र भी दिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
