शिवालय से नकदी व सोने-चांदी की मूर्ति चोरी

इस घटना से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है

– इस प्रकार की घटना से लोगों का भड़क रहा आक्रोश वीरपुर. बसंतपुर प्रखंड क्षेत्र के बनैलीपट्टी पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 11 के बादशाह चौक स्थित शिव मंदिर में बुधवार की रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी से नकद और आभूषण चुरा लिए. इसके साथ ही मंदिर में रखी पूजा सामग्री को भी तहस-नहस कर दिया गया. इस घटना से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है. घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू धर्म रक्षा समिति के सदस्य और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया. सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी. थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल व सब-इंस्पेक्टर धीरेन्द्र शास्त्री ने कहा कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. लगातार मंदिरों को बनाया जा रहा निशाना मंदिर के पुजारी सत्य नारायण दास ने बताया कि जब वे सुबह पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तो देखा कि मंदिर का ताला टूटा हुआ था और दानपेटी से नकद राशि व सोने के नाग-नागिन की मूर्ति गायब थी. साथ ही पूजा सामग्री इधर-उधर बिखरी हुई थी. इस घटना पर हिंदू धर्म रक्षा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सुशील कुमार ने गहरी नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे लोगों में भय और आक्रोश व्याप्त है. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द इस घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए. चार दिन पूर्व भी हुई थी ऐसी घटना गौरतलब है कि चार दिन पूर्व थाना क्षेत्र के हृदयनगर पंचायत के वार्ड नंबर 12, सीतापुर स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में भी इसी प्रकार की घटना हुई थी. वहां भी असामाजिक तत्वों ने पूजा सामग्री को तहस-नहस कर दिया था, कलश तोड़ दिए गए थे और मंदिर परिसर को अपवित्र करने की कोशिश की गई थी. लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं. अब देखना होगा कि प्रशासन इन मामलों में कितनी जल्दी कार्रवाई करता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >