विभिन्न क्षेत्रों में जिले का हो रहा तेजी से विकास : डीएम

गांधी मैदान में डीएम ने किया ध्वजारोहण, राष्ट्रीय ध्वज को दी सलामी

– गांधी मैदान में डीएम ने किया ध्वजारोहण, राष्ट्रीय ध्वज को दी सलामी सुपौल. गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्य समारोह का आयोजन भव्य एवं गरिमामय ढंग से किया गया. प्रभारी जिला पदाधिकारी मो तारिक ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी. अपने संबोधन में प्रभारी डीएम मो तारिक ने कहा कि हमें गर्व है कि हम विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत के नागरिक हैं. जहां संविधान सभी को समान अधिकार देता है. उन्होंने जिले में सरकार द्वारा संचालित विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मनरेगा सहित सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है. डीएम ने आमजन से आपसी भाईचारा, सद्भाव एवं प्रेम बनाए रखने की अपील की. शिक्षा विभाग की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अनुकंपा के आधार पर जिले में 111 विद्यालय लिपिक एवं 10 परिचारी की नियुक्ति की गई है. परिवहन विभाग की उपलब्धि साझा करते हुए बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में हिट एंड रन सड़क दुर्घटना से संबंधित कुल 143 स्वीकृत आवेदकों को भारतीय साधारण बीमा निगम के माध्यम से भुगतान किया गया है. भू-अर्जन के तहत सुपौल-अररिया नई रेल लाइन परियोजना में जिले के सुपौल, किशनपुर, पिपरा एवं त्रिवेणीगंज अंचल में अनुमानित 429.799 करोड़ रुपये की लागत में से 338.12 करोड़ रुपये का मुआवजा हितबद्ध रैयतों को दिया जा चुका है. वर्तमान में सुपौल से त्रिवेणीगंज तक रेल परिचालन नियमित रूप से जारी है, जबकि जल्द ही सुपौल से अररिया तक रेल सेवा शुरू की जाएगी. भारत माला परियोजना पैकेज-5 के अंतर्गत सुपौल अंचल में भूमि अर्जन हेतु स्वीकृत 79.70 करोड़ रुपये में से 67.12 करोड़ रुपये का मुआवजा भुगतान कर अधियाची विभाग को दखल-कब्जा सौंप दिया गया है. वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 327ए एवं 327ई के तहत लोहियानगर चौक पर आरओबी निर्माण के लिए स्वीकृत 5.73 करोड़ रुपये में से 4.85 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया. जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत लघु सिंचाई प्रमंडल द्वारा 20 तालाबों का जीर्णोद्धार कराया गया है. सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत पिछले एक वर्ष में विभिन्न योजनाओं से हजारों गरीब एवं निःसहाय लोगों को लाभ पहुंचाया गया है, जिनमें वृद्धजन, विधवा, निःशक्तजन, कबीर अंत्येष्टि एवं विवाह प्रोत्साहन योजनाएं शामिल है. इस अवसर पर एसपी शरथ आरएस, एडीएम सचिदानंद सुमन, एसडीएम इन्द्रवीर कुमार, डीपीआरओ संदीप कुमार, नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव, जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे. समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों, कर्मियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. संध्या काल में टाउन हॉल भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दी. परेड व झांकी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हुए सम्मानित गांधी मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन प्लाटूनों को सम्मानित किया गया. परेड में प्रथम स्थान प्लाटून संख्या 03 प्रशिक्षु सिपाही राहुल कुमार, द्वितीय स्थान प्लाटून संख्या 02 सार्जेंट रौशन कुमार एवं तृतीय स्थान सुपौल उच्च विद्यालय के एनसीसी कैडेट अभिषेक कुमार को पुरस्कृत किया गया. वहीं झांकी प्रतियोगिता में जिला कृषि कार्यालय एवं आपदा प्रबंधन को प्रथम, जीविका एवं जिला शिक्षा कार्यालय को द्वितीय व मद्य निषेध कार्यालय एवं सिविल सर्जन कार्यालय को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >